Pulao Recipe: झटपट पुलाव बनाने के लिए प्रेशर कुकर में तेल गर्म करें, साबुत मसाले, प्याज, धोया चावल डालें. चावल का दुगना पानी डालकर 5 सीटी लगाएं. काजू-किशमिश फ्राई कर पुलाव में मिलाएं. इसका स्वाद इतना लाजवाब होता है कि देखते ही मुंह में पानी आ जाएगा.
सबसे पहले एक प्रेशर कुकर लें और उसे गैस पर रखकर थोड़ा गर्म कर लें. जब कुकर गर्म हो जाए, तब उसमें 2 से 3 चम्मच रिफाइंड तेल डालें. तेल थोड़ा गर्म हो जाने के बाद उसमें कुछ साबुत मसाले डालें. इसमें जावित्री, लौंग, दालचीनी, तेज पत्ता, बड़ी इलायची और छोटी इलायची डालें. इन मसालों को हल्का सा चलाते हुए भून लें, ताकि इनकी खुशबू अच्छी तरह से तेल में मिल जाए.
10 मिनट तक भिगोएं चावल
अब इसमें कटे हुए प्याज डालें और प्याज को हल्का सुनहरा होने तक भूनें. प्याज जब अच्छे से भुन जाता है तो पुलाव का स्वाद और भी अच्छा हो जाता है. इसके बाद आप इसमें धोया हुआ चावल डाल दें. ध्यान रखें कि चावल को पहले साफ पानी से अच्छी तरह धोकर 5-10 मिनट के लिए रख दें. अब कुकर में चावल डालकर उसे हल्का सा मसालों और प्याज के साथ मिला लें.
जानें कितना डालें पानी
अब सबसे जरूरी बात आती है पानी की मात्रा. जितना चावल आप डाल रहे हैं, उसका दुगना पानी डालें. यानी अगर आपने 1 कप चावल लिया है तो 2 कप पानी डालें. इससे पुलाव के दाने खिले-खिले बनेंगे और चावल चिपचिपा नहीं होगा. अब कुकर का ढक्कन बंद कर दें और लगभग 5 सीटी आने दें. सीटी आने के बाद गैस बंद कर दें और कुकर का प्रेशर अपने आप निकलने दें.
इस दौरान आप एक छोटे पैन में थोड़ा सा घी गर्म करें और उसमें काजू और किशमिश को हल्का फ्राई कर लें. जब कुकर खुल जाए तो पुलाव को हल्के हाथ से चलाएं और ऊपर से फ्राई किए हुए काजू और किशमिश डाल दें. इससे पुलाव का स्वाद और भी बढ़ जाता है. अब आपका गरमागरम झटपट पुलाव तैयार है. इसे आप दही, रायता या सलाद के साथ खा सकते हैं.
About the Author
बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में (2021) लगभग 5 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत डेस्क, दैनिक भास्कर डिजिटल डेस्क के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से News.in में सीनियर कंटें…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.