Jharkhand Weather Today: झारखंड में ‘ला नीना’ और बर्फीली हवाओं के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जहां लोहरदगा में तापमान गिरकर 2.4 डिग्री पहुंच गया है. मौसम विभाग ने 31 दिसंबर को पलामू और हजारीबाग सहित 12 जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है. अगले 10 दिनों तक राहत के आसार नहीं हैं.
उत्तर से आने वाली बर्फीली हवाओं के कारण न केवल रातें ठंडी हो रही हैं, बल्कि दिन में भी लोगों को कनकनी का सामना करना पड़ रहा है. पलामू, कोडरमा, हजारीबाग और पाकुड़ जैसे जिलों में अधिकतम तापमान 16 से 18 डिग्री के बीच सिमट गया है, जिससे दोपहर में भी धूप बेअसर साबित हो रही है.
आज के मौसम का हाल
साल के अंतिम दिन यानी 31 दिसंबर को लेकर मौसम केंद्र ने विशेष चेतावनी जारी की है. राज्य के 12 जिलों, जिनमें गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह और संथाल परगना के जिले शामिल हैं, वहां घने कोहरे को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है. कोहरे और शीतलहर के इस दोहरे हमले ने स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को भी बढ़ा दिया है. रांची स्थित रिम्स के ओपीडी में सर्दी-खांसी और श्वसन तंत्र से जुड़ी समस्याओं वाले मरीजों की संख्या में तीन से चार गुना वृद्धि देखी जा रही है. पहले जहां रोजाना औसतन 10 मरीज आते थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 40 तक पहुंच गई है.
ठंड से अभी राहत नहीं
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले 10 दिनों तक ठंड का यह प्रकोप जारी रहने की संभावना है. विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि इस मौसम को हल्के में न लें और केवल जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें. विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को बर्फीली हवाओं से बचाने की जरूरत है, क्योंकि यह मौसम संक्रमण और अन्य बीमारियों के लिए बेहद संवेदनशील है. प्रशासन ने भी लोगों से अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेने की अपील की है ताकि शीतघात जैसी स्थितियों से बचा जा सके.
प्रमुख शहरों का तापमान और AQI
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान | AQI |
| रांची | 24 | 8 | 262 |
| जमशेदपुर | 23 | 11 | 348 |
| धनबाद | 21 | 11 | 314 |
| बोकारो | 23 | 9 | 250 |
| पलामू | 18 | 7 | 270 |
नोट- ये आंकड़े मंगलवार के हैं.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.