झारखंड में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम के दो रूप दिख रहे हैं. सुबह घना कोहरा छाया रहेगा. जिससे विजिबिलिटी 100 मीटर तक गिर सकती है. जबकि दोपहर में पारा 33°C तक पहुंचने से पसीने वाली गर्मी सताएगी. अगले एक हफ्ते तक आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे.
तापमान में होगी बढ़ोतरी
रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, सुबह के समय विजिबिलिटी (दृश्यता) काफी कम रह सकती है. विशेष रूप से हाईवे और ग्रामीण सड़कों पर कोहरे का असर अधिक दिखेगा, जहां विजिबिलिटी घटकर 100 मीटर तक पहुंच सकती है. ऐसे में वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. वहीं, जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा, धूप की तल्खी बढ़ेगी और अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोत्तरी हो सकती है. दोपहर की कड़ी धूप और बढ़ते पसीने को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को खुद को हाइड्रेट रखने और भरपूर पानी पीने का सुझाव दिया है.
तापमान के उतार-चढ़ाव की बात करें तो गुमला जैसे ठंडे रहने वाले जिलों में भी अब न्यूनतम पारा 10 डिग्री के पार पहुंच गया है. राज्य के अधिकांश जिलों, चाहे वह संताल परगना के देवघर, दुमका हों या पलामू प्रमंडल के गढ़वा और लातेहार, सभी जगह न्यूनतम तापमान 15 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. वहीं, रांची, खूंटी, हजारीबाग समेत जमशेदपुर और सरायकेला जैसे दक्षिणी जिलों में अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. हालांकि, आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, लेकिन फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है. पूरे राज्य में लगभग एक जैसा शुष्क और गर्म मौसम बना रहेगा.
प्रमुख शहरों का तापमान और AQI
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान | AQI |
| रांची | 31 | 15 | 163 |
| जमशेदपुर | 34 | 16 | 172 |
| धनबाद | 30 | 15 | 191 |
| बोकारो | 33 | 15 | 150 |
| पलामू | 32 | 13 | 170 |
नोट- ये आंकड़े गुरुवार के हैं.
About the Author

मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.