झारखंड में मौसम का दोहरा रूप देखने को मिल रहा है. पलामू प्रमंडल के चार जिलों गढ़वा, पलामू, लातेहार और चतरा में भीषण गर्मी और लू (हीटवेव) का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है. जहां पारा 40°C तक जा सकता है. वहीं, राज्य के शेष हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है.
विशेषकर डाल्टनगंज में पारा 39.2 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा है. जो सामान्य से काफी अधिक है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री की और बढ़ोतरी होने की संभावना है. जिससे पारा 40 डिग्री के स्तर को पार कर सकता है.
इलाकों में गर्मी का ज्यादा असर
गर्मी का सबसे अधिक असर राज्य के दक्षिणी और उत्तरी जिलों में देखने को मिल रहा है. जमशेदपुर, सरायकेला, गढ़वा, पलामू और चतरा जैसे जिलों में सूरज की तपिश और गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. मौसम केंद्र ने पलामू, लातेहार, चतरा और गढ़वा इन चार जिलों के लिए हीटवेव (लू) का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है.
दोपहर 1:00 बजे से 3:00 बजे के बीच इन क्षेत्रों में चलने वाली गर्म हवाएं स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकती हैं. चिकित्सकों और मौसम वैज्ञानिकों ने इस दौरान लोगों को अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने और खुद को हाइड्रेटेड रखने की सलाह दी है. इन जिलों में न्यूनतम तापमान भी 19 से 22 डिग्री के बीच बना रहेगा.
इन क्षेत्रों में राहत
दूसरी ओर राज्य के बाकी हिस्सों के लिए राहत की खबर भी है. पलामू प्रमंडल के इन चार जिलों को छोड़कर झारखंड के अन्य सभी जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है. पिछले 24 घंटों में राज्य के कुछ हिस्सों में 8 मिमी तक बारिश दर्ज की गई है.
पूर्वानुमान के अनुसार, शाम और रात के समय 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. जिससे रात के तापमान में थोड़ी गिरावट आएगी. मौसम का यह उतार-चढ़ाव न केवल आम लोगों के स्वास्थ्य के लिए चुनौतीपूर्ण है, बल्कि खेती-किसानी के नजरिए से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
प्रमुख शहरों का तापमान और AQI
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान | AQI |
| रांची | 35 | 19 | 138 |
| जमशेदपुर | 39 | 22 | 173 |
| धनबाद | 36 | 19 | 120 |
| बोकारो | 37 | 19 | 120 |
| पलामू | 40 | 18 | 150 |
नोट- ये आंकड़े शुक्रवार के हैं.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.