झारखंड के 48 नगर निकायों के लिए मतदान जारी है. जहां 43.43 लाख मतदाता 6,124 उम्मीदवारों के भविष्य का फैसला करेंगे. 1,042 वार्डों में हो रहे इस चुनाव के लिए 4,307 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच शाम 5 बजे तक वोट डाले जाएंगे और परिणाम 27 फरवरी को आएंगे.
झारखंड नगर निकाय चुनाव के लिए वोटिंग शुरू(फाइल फोटो)
चुनावी रण का पूरा गणित
राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, इस चुनाव में कुल 43.43 लाख से अधिक मतदाता वोट डालने के पात्र हैं. चुनाव कुल 48 निकायों में हो रहा है, जिसमें 9 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायतें शामिल हैं. हालांकि इन निकायों में कुल 1,087 वार्ड हैं, लेकिन मतदान केवल 1,042 वार्डों में ही हो रहा है. इसका मुख्य कारण यह है कि 41 पार्षद निर्विरोध चुने जा चुके हैं, जबकि तीन वार्डों में नामांकन नहीं होने से वे खाली रह गए. वहीं, मानगो नगर निगम के एक वार्ड में प्रत्याशी के निधन के कारण चुनाव टाल दिया गया है.
मैदान में कई महिला उम्मीदवार
इस बार के निकाय चुनाव में उम्मीदवारों की भारी संख्या देखने को मिल रही है. कुल 6,124 उम्मीदवार अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं. महापौर और अध्यक्ष पद के लिए 562 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें 235 महिलाएं शामिल हैं. वहीं, वार्ड पार्षद पद के लिए 5,562 उम्मीदवार संघर्ष कर रहे हैं, जिनमें 2,727 महिला प्रत्याशी अपनी ताकत झोंक रही हैं. झारखंड में यह चुनाव दलीय आधार पर नहीं बल्कि निर्दलीय प्रतीकों पर लड़ा जा रहा है, हालांकि पर्दे के पीछे राजनीतिक दलों का पूरा समर्थन उम्मीदवारों के साथ है.
सुरक्षा की पुख्ता तैयारी
प्रशासन ने निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान के लिए 4,307 मतदान केंद्र बनाए हैं. संवेदनशील और अति-संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. मतदान दलों को रविवार को ही रवाना कर दिया गया था. अब सबकी नजरें 27 फरवरी पर टिकी हैं, जब मतगणना के साथ यह साफ हो जाएगा कि झारखंड के शहरों की कमान किनके हाथों में होगी.
About the Author

मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.