Jharkhand News: अजरबैजान से प्रत्यर्पण के बाद लाए गए गैंगस्टर से कई राज्यों की पुलिस पूछताछ कर सकती है. गैंगस्टर सुनील मीणी उर्फ मयंक सिंह पर कई राज्यों में अलग-अलग केस दर्ज हैं. ऐसे में झारखंड के अलावा अन्य राज्यों की पुलिस उसे रिमांड पर ले सकती है.
सूत्रों के मुताबिक सुनील मीणा विदेश में बैठकर भारत के कई राज्यों में फिरौती, फायरिंग और गैंगवार जैसी घटनाओं को संचालित करता था. वह अमन साहू और लॉरेंस विश्नोई जैसे गैंगस्टरों का करीबी माना जाता है. उसकी गिरफ्तारी के बाद एटीएस की शुरुआती पूछताछ में पाकिस्तान कनेक्शन, हथियारों की आपूर्ति और हवाला ट्रांजैक्शन से जुड़ी कई चौंकाने वाली जानकारियाँ सामने आई हैं. इन खुलासों ने सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया है.
कई राज्यों में दर्ज हैं केस
एटीएस एसपी ऋषभ झा ने बताया कि दूसरे राज्यों की पुलिस उनसे लगातार संपर्क में है. विभिन्न राज्यों में दर्ज मामलों के आधार पर उन्हें कानूनी प्रक्रिया के तहत मीणा से पूछताछ करने की अनुमति दी जा सकती है. बताया जा रहा है कि यूपी में उसके खिलाफ कई गंभीर केस दर्ज हैं, वहीं महाराष्ट्र और बंगाल में भी उससे जुड़े संगठित अपराध के सबूत मिले हैं. राजस्थान पुलिस भी जल्द ही उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी में है. अजमेर जिले की कचहरी रोड पेट्रोल पंप पर कराई गई फायरिंग में भी उसका नाम सामने आ चुका है.
विदेशी कनेक्शन खंगाल रही पुलिस
गैंगस्टर मयंक सिंह उर्फ मीणा ने अज़रबैजान में अपना ठिकाना बना रखा था और वहीं से झारखंड सहित कई राज्यों में अपना आपराधिक नेटवर्क चलाता था. एटीएस द्वारा पकड़े जाने के बाद उसके कई डिजिटल रिकॉर्ड, विदेशी ट्रांजैक्शन और गिरोहों से जुड़े संपर्क खंगाले जा रहे हैं. उसकी गिरफ्तारी को अमन साहू–विश्नोई नेटवर्क पर बड़ा असर माना जा रहा है. फिलहाल, झारखंड एटीएस उससे पूछताछ जारी रखे हुए है, जबकि दूसरे राज्यों की विशेष टीमें भी उससे जुड़े मामलों की फाइलें खोल चुकी हैं. कई राज उसके पास छिपे हैं जिनके बाहर आने के बाद राज्यों में सक्रिय अपराध नेटवर्क की बड़ी तस्वीर साफ हो सकती है.
About the Author

माखनलाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी से स्नातकोत्तर किया. वर्तमान में न्यूज़18 हिंदी डिजिटल में कार्यरत. राजनीति, क्राइम से जुड़ी खबरें लिखने में रूचि.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.