रांची के कमलेश ने मशरूम से शुद्ध देसी प्रोटीन पाउडर बनाकर विदेशी बाजारों तक धाक जमा दी है. ‘शरूमक्राफ्ट’ नाम का यह उत्पाद ₹3000 वाले महंगे व्हे-प्रोटीन का सस्ता और सुरक्षित विकल्प है. अमेरिका तक निर्यात होने वाले इस पाउडर के मात्र एक चम्मच से 60% दैनिक प्रोटीन की पूर्ति हो जाती है.
महंगे व्हे-प्रोटीन का सस्ता
कमलेश के अनुसार, बाजार में उपलब्ध अधिकांश व्हे-प्रोटीन और मिल्क प्रोटीन न केवल महंगे होते हैं, बल्कि कई बार उनके सेवन से किडनी और लीवर पर बुरा प्रभाव पड़ने की खबरें भी आती हैं. इसके उलट, उनका मशरूम प्रोटीन पाउडर पूरी तरह प्राकृतिक, लैब-टेस्टेड और सुरक्षित है. जहां बाजार में अच्छे प्रोटीन के लिए लोगों को ₹3000 तक खर्च करने पड़ते हैं, वहीं शरूमक्राफ्ट का यह देसी विकल्प मात्र ₹500-600 की रेंज में उपलब्ध है. यह विशेष रूप से उन शाकाहारी लोगों और जिम जाने वाले युवाओं के लिए वरदान है, जो प्राकृतिक तरीके से अपनी प्रोटीन की जरूरत पूरी करना चाहते हैं.
एक चम्मच में 35 ग्राम प्रोटीन का पावर पंच
इस प्रोटीन पाउडर की खासियत इसकी उच्च गुणवत्ता है. कमलेश का दावा है कि इसके मात्र एक चम्मच सेवन से शरीर को 30 से 35 ग्राम तक प्रोटीन मिल जाता है, जो एक व्यक्ति के दैनिक कोटे का लगभग 60% हिस्सा पूरा कर देता है. इसकी उपयोगिता केवल जिम तक सीमित नहीं है; महिलाएं इसे साधारण आटे में मिलाकर रोटियां भी बना रही हैं, जिससे बच्चों और बुजुर्गों को आसानी से पोषण मिल रहा है. इसके अलावा, वे सूखा मशरूम भी बेचते हैं, जिसे दो साल तक सुरक्षित रखा जा सकता है.
विदेशी बाजारों में बढ़ती धमक
कमलेश की सफलता की कहानी अब रांची की गलियों से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंच गई है. उनके उत्पाद वर्तमान में साउथ ईस्ट एशियाई देशों में एक्सपोर्ट किए जा रहे हैं. सफलता का ग्राफ यहीं नहीं थमता; अब वे अपने इस ‘मेड इन इंडिया’ प्रोटीन को अमेरिका भेजने की तैयारी में हैं. जिसके लिए अंतिम दौर की बातचीत चल रही है. भारत से ज्यादा विदेशों में इस ऑर्गेनिक प्रोटीन की मांग ने यह साबित कर दिया है कि अगर उत्पाद में गुणवत्ता हो, तो स्थानीय स्तर पर शुरू किया गया व्यवसाय भी वैश्विक पहचान बना सकता है.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.