रामपुर में सतलुज नदी के पास हरियाणा के एक युवक का शव मिला है। मृतक की पहचान कैथल (हरियाणा) निवासी 34 वर्षीय संदीप कुमार पुत्र दलवीर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से 22.26 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, युवक की मौत पैर फिसलने से हुई है। पुलिस को गुरुवार को सतलुज के समीप युवक का शव मिला, जिसके बाद जांच शुरू की गई। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर संदीप कुमार को सतलुज नदी की ओर जाते हुए और रास्ते में फिसलकर गिरते हुए देखा गया। मृतक के पास से तीन मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। इसके अतिरिक्त, उसकी जुराब से लगभग 22.26 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) भी मिली है। जांच में पाया गया कि मृतक किसी नशे की हालत में नहीं था। पुलिस का मानना है कि वह हेरोइन की यह खेप स्थानीय युवाओं को बेचने आया था। जांच में यह भी पता चला है कि मृतक संदीप कुमार के खिलाफ हरियाणा के विभिन्न थानों में कुल सात मामले दर्ज थे। इनमें पांच चोरी के, एक हत्या/हत्या के प्रयास/आर्म्स एक्ट का और एक उद्घोषित अपराधी की श्रेणी का मामला शामिल है। वह हत्या के एक मामले में जिंद कारागार में छह साल की सजा काट रहा था और 70 दिन की पैरोल पर बाहर आया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। मामले में आगे की जांच और आवश्यक कार्यवाही भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 194 के तहत की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.