रामपुर जिले में चल रहे अवैध खनन को रोकने के लिए अब प्रशासन सख्त हो गया है। अमर उजाला में खनन से संबंधित खबरें प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने अवैध खनन पर नियंत्रण के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है। यहां तक कि जिलाधिकारी ने खुद आधी रात को सड़क पर उतर कर वाहनों की जांच की।
सोमवार रात आठ बजे से मंगलवार सुबह सात बजे तक जिले के विभिन्न स्थानों पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने करीब 775 वाहनों की जांच की। इस दौरान 23 वाहनों में अनियमितता मिलने पर उन्हें सीज कर दिया गया। जिले में अवैध खनन पर अकुंश लगाने के लिए जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने नौ चेक प्वाइंट बनाए हैं।
करीब 200 से ज्यादा अफसर और कर्मचारी चेकिंग के लिए तैनात किए गए हैं। इसी के तहत रविवार रात भी कार्रवाई की गई। रविवार रात एक बजे जिलाधिकारी द्विवेदी खुद भी शाहबाद रोड एवं अजीतपुर रोड पर पहुंचे और खनन के वाहनों को चेक किया।
अफसरों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न चेक प्वाइंट पर करीब 1573 वाहनों को चेक किया और ओवरलोडिंग व अनियमितता मिलने पर नौ वाहनों को सीज कर संबंधित थाने को सुपुर्द कर दिया। इसके साथ ही शाहबाद के गांव बिचपुरी में अपने खेतों में मिट्टी का अवैध खनन करने पर ब्रजलाल एवं नत्थू नामक व्यक्तियों पर 15 लाख रुपये जुर्माना लगाया है।
इनके आपस में सटे हुए दो खेतों में अवैध खनन की शिकायत मिलने पर जांच कराई गई तो खेतों में कुल 3675 घनमीटर मिट्टी का अवैध खनन पाया गया था। एसडीएम की रिपोर्ट के आधार पर दोनाें पर जुर्माना लगाया गया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.