दढ़ियाल क्षेत्र में एआरटीओ की ओर से खनन वाहनों की चेकिंग के दौरान पैदा हुई अफरा-तफरी ने हादसे का रूप ले लिया। चेकिंग से बचने के लिए खनन से लदा डंपर बेकाबू होकर दूसरी दिशा में जा रही टैक्सी में जा टकराया। इस हादसे में टैक्सी चालक असद (24) की मौके पर ही जबकि शाहनूर (24) ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
इसके अलावा मुस्तकीम को भी गंभी चोटें आईं हैं। उसका इलाज चल रहा है। तीनों ही युवक नगर के मोहल्ला टंडोला के निवासी है। बताया गया कि शाहनूर चार भाइयों में से एक था और केरल में बाल काटने का कार्य करता था। उसका बड़ा भाई शाहनवाज सऊदी अरब में इसी पेशे से जुड़ा है।
वहीं असद तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और टैक्सी चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके पिता और भाई सऊदी अरब में ड्राइवर है। हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों और मोहल्लेवासियों का कहना है कि एआरटीओ की चेकिंग चलते ही चालक तेज रफ्तार में खनन से लदे वाहनों को दाैड़ाने लगे।
एआरटीओ के पीछा किए जाने से हालात और बिगड़ गए। इसका खामियाजा दो परिवारों को भुगतना पड़ा। परिजनों में हादसे के लिए जिम्मेदार प्रशासनिक लापरवाही को बताया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों की ओर से खनन वाहन चालक और चेकिंग के दौरान की गई कार्रवाई को लेकर जांच की मांग की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एक ही मोहल्ले के दो युवकों की मौत और एक युवक के घायल होने से पूरे मोहल्ले में कोहराम मचा हुआ है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.