रामगढ़ पुलिस ने पटेल नगर में बंद घर में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो नाबालिगों सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के आभूषण और 15 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। यह घटना कुछ दिन पहले पटेल नगर, मुरकुंडा निवासी संतोष कुमार मिश्रा (39) के घर में हुई थी। अज्ञात चोरों ने उनके बंद घर का ताला तोड़कर जेवरात और नगदी उड़ा ली थी। मामले में पतरातु थाना में कांड संख्या 42/2026 दिनांक 19.02.2026 को भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 305(a)/331(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पतरातु के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी, चोरी का सामान बरामद गठित टीम ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान चोरी में शामिल सभी आरोपियों को दबोच लिया गया। पुलिस ने उनके पास से एक सोने जैसा कंगन, सोने के कान के टॉप व बाली, सिटी गोल्ड चैन, क्रिस्टल माला, एक जोड़ी लरी पायल, दुल्हन बिछिया, चांदी का चौन, चांदी की अंगूठी, बच्चे की अंगूठी सहित अन्य जेवरात और 15 हजार रुपए नकद बरामद किए। पुलिस का दावा है कि बरामद सामान संतोष कुमार मिश्रा के घर से चोरी किया गया था। तीन वयस्क आरोपी गिरफ्तार, दो नाबालिग विधि निरुद्ध गिरफ्तार वयस्क आरोपियों में चंदन कुमार (34), सोनार राहुल वर्मा (22) और अभिषेक सोनी (25) शामिल हैं, जो पतरातु (भुरकुंडा) क्षेत्र के निवासी हैं। इनके अलावा दो नाबालिगों को भी विधि निरुद्ध किया गया है। पुलिस सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.