बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने व्यापक कार्रवाई शुरू की है। इस कार्रवाई का असर जिले के सबसे बड़े शहर रामानुजगंज में सोमवार को साफ तौर पर देखने को मिला, जहां सामान्य दिनों में गुलजार रहने वाले कई प्रमुख बाजार और चौक सूने नजर आए। प्रशासन की सख्ती की खबर के बाद शहर के बीचो-बीच स्थित चौपाटी क्षेत्र में अधिकांश दुकानदारों ने अपने ठेले और फास्ट फूड की दुकानें नहीं लगाईं। आम दिनों में जहां शाम होते ही चौपाटी में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ती है और खाने-पीने के ठेलों की लंबी कतार लग जाती है, वहीं कार्रवाई के डर से इस बार आधे से भी कम दुकानें खुली दिखाई दीं। घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करने वालों पर प्रशासन सख्त इसी तरह शहर के प्रमुख स्थल गांधी चौक में भी आमतौर पर कई ठेले और छोटे होटल संचालित होते हैं, जहां घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग किए जाने की शिकायतें मिलती रही हैं। संयुक्त टीम की कार्रवाई के चलते यहां भी ठेले और अस्थायी होटल नहीं लगे, जिससे पूरा क्षेत्र अपेक्षाकृत शांत नजर आया। अधिकारियों ने बताया कि जिले भर में घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग रोकने के लिए राजस्व और खाद्य विभाग द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। उनका कहना है कि घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग नियमों के विरुद्ध है और ऐसा पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से जहां नियमों का उल्लंघन करने वालों में हड़कंप की स्थिति है, वहीं आम लोगों का मानना है कि इससे घरेलू गैस की कालाबाजारी और दुरुपयोग पर अंकुश लगेगा। शहर के प्रमुख बाजारों में कार्रवाई का असर साफ तौर पर देखा जा रहा है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.