हनुमानगढ़ : उर्स मेले में युवकों में मारपीट, वीडियो वायरल
हनुमानगढ़ जिले के नवां गांव में आयोजित पीर नादिर शाह के उर्स मेले के दौरान युवकों के बीच हुए झगड़े का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में कुछ युवक आपस में गन्नों से मारपीट करते नजर आ रहे हैं, जिससे मेले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. जानकारी के अनुसार 4 और 5 मार्च को दो दिन तक उर्स मेला लगा था, जिसमें बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर युवकों के बीच विवाद हो गया और मामला हाथापाई तक पहुंच गया. फिलहाल जंक्शन पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
सीकर : अंडरपास के नीचे युवती का शव मिलने से सनसनी
सीकर जिले के रानोली इलाके में एक युवती का शव अंडरपास के नीचे मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवती की हत्या कर शव को अंडरपास के नीचे फेंका गया है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया है. बताया जा रहा है कि मृतका झुंझुनू इलाके की रहने वाली थी और कुछ साल पहले उसने प्रेम विवाह किया था. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके का निरीक्षण किया. पुलिस अब हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान को लेकर गहन जांच कर रही है.
नागौर : 10 हजार किलो विस्फोटक केस में अतिक्रमण ध्वस्त
नागौर जिले के हरसौर क्षेत्र में 10 हजार किलो विस्फोटक बरामदगी मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की तैयारी कर ली है. इस मामले में आरोपी सुलेमान द्वारा किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त करने की कार्रवाई जल्द शुरू की जाएगी. प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच चुकी है और कार्रवाई के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं. नागौर पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छवाह के नेतृत्व में भारी पुलिस जाब्ता भी तैनात किया गया है ताकि कार्रवाई के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो. पुलिस का कहना है कि कानून के तहत आरोपी के अवैध कब्जे को हटाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
अलवर : अंबेडकर प्रतिमा की अंगुली तोड़ी, दलित समाज नाराज
अलवर जिले के बड़ौदामेव क्षेत्र के जयसिंहपुरा छोटा गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा की अंगुली तोड़े जाने का मामला सामने आया है, जिससे दलित समाज में भारी आक्रोश फैल गया. ग्रामीणों के अनुसार बीती रात प्रतिमा के पास किसी तरह की आवाज सुनाई दी थी. आवाज सुनकर आसपास के लोग जाग गए और उन्होंने दो युवकों को मौके से भागते हुए देखा. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. इसके बाद लक्ष्मणगढ़ एसडीएम अर्चना और थानाधिकारी मोहन सिंह गुर्जर भी मौके पर पहुंचे. प्रशासन ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने और मामले की जांच करने में जुटा है.
झालावाड़ : बिजली के पोल से टकराई कार, बड़ा हादसा टला
झालावाड़ जिले के असनावर कस्बे में एक कार अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई. टक्कर इतनी तेज थी कि बिजली का पोल टूटकर जमीन पर गिर गया और तार भी नीचे आ गए. हालांकि गनीमत रही कि उस समय आसपास कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ. कार सवार व्यक्ति को मामूली चोटें आई हैं. जानकारी के अनुसार कार असनावर से झालावाड़ की ओर जा रही थी और अग्रसेन बाजार के पास यह हादसा हुआ. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कार को हटवाया. वहीं विद्युत विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर बिजली सप्लाई बंद कर दी.
करौली :कॉलेज की छात्राओं ने सड़क और शौचालय मांगा
करौली जिले के राजकीय कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने अपनी समस्याओं को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है. छात्राओं ने कलेक्टर के नाम एसडीएम को ज्ञापन देते हुए कॉलेज तक सीसी सड़क निर्माण की मांग उठाई. इसके साथ ही महाविद्यालय परिसर में महिला शौचालय के निर्माण की भी मांग की गई. छात्राओं का कहना है कि खराब और कच्चे रास्ते के कारण उन्हें रोजाना कॉलेज आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. बरसात और धूल-मिट्टी के कारण हालात और भी खराब हो जाते हैं. छात्राओं ने जल्द समाधान नहीं होने पर आगे आंदोलन की चेतावनी भी दी है.
खाटू श्याम मंदिर में ATS की मॉक ड्रिल
सीकर जिले के प्रसिद्ध खाटू श्याम जी मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए एटीएस द्वारा मॉक ड्रिल आयोजित की गई. इस अभ्यास में मंदिर परिसर में आतंकवादियों के घुसने की काल्पनिक सूचना के आधार पर सुरक्षा एजेंसियों की प्रतिक्रिया को जांचा गया. मॉक ड्रिल के दौरान सुरक्षा बलों ने पूरे परिसर को घेरकर संदिग्ध स्थिति से निपटने का अभ्यास किया. मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए समय-समय पर इस तरह की ड्रिल कराई जाती है. प्रशासन का कहना है कि इससे सुरक्षा एजेंसियों की तैयारी और समन्वय को मजबूत करने में मदद मिलती है.
जालोर: 8 दिन से भूख हड़ताल पर बैठी 80 वर्षीय मां की तबीयत बिगड़ी
जालोर कलेक्ट्रेट के बाहर गणपत सिंह मांडोली संदिग्ध मौत प्रकरण को लेकर पिछले 8 दिनों से मृतक की मां और पत्नी भूख हड़ताल पर बैठी हैं. 18 महीने पहले हुई इस संदिग्ध मौत के मामले में परिजन न्याय की गुहार लगा रहे हैं. न्याय की मांग कर रही 80 वर्षीय बुजुर्ग मां के स्वास्थ्य में गिरावट आने के बाद, बीती रात प्रशासन डॉक्टरों की टीम के साथ धरना स्थल पर पहुंचा और उनके स्वास्थ्य की जांच की.
धौलपुर: पार्वती नदी में डूबने से 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत
मनियां थाना क्षेत्र के महूरी गांव के पास रपट पार करते समय पैर फिसलने से एक व्यक्ति पार्वती नदी में गिर गया. मृतक की पहचान कलुआपुरा निवासी 50 वर्षीय प्रधान कुशवाह पुत्र रामलाल के रूप में हुई है. एसडीआरएफ टीम और स्थानीय गोताखोरों द्वारा रात भर चलाए गए करीब 17 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद गुरुवार सुबह शव को बरामद किया गया.
जयपुर: बिंदायका औद्योगिक क्षेत्र की प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग
बिंदायका (जयपुर) के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक प्लास्टिक फैक्ट्री में अचानक आग लग गई, जिससे फैक्ट्री में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया. आग के कारण इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने इलाके की बिजली आपूर्ति बंद करवाई और ट्रैफिक को भी डायवर्ट किया गया.
बीकानेर: बंद मकान में कुर्सी पर बैठा मिला 5 दिन पुराना शव
बीकानेर की एक्स-रे गली स्थित एक मकान से तेज बदबू आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा तो घर के अंदर विवेक सहल का शव कुर्सी पर बैठा हुआ मिला, जो करीब 5 दिन पुराना बताया जा रहा है. पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है.
धौलपुर हादसा: अनियंत्रित कार ने टेम्पो को मारी टक्कर, आगरा के 15 लोग घायल
बाड़ी सदर थाना क्षेत्र के हुसैनपुर गांव के पास गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ. एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े लोडिंग टेम्पो को टक्कर मार दी, जिसकी चपेट में एक राहगीर भी आ गया. इस हादसे में करीब 15 लोग घायल हुए हैं, जो आगरा की यमुना ब्रिज कॉलोनी के निवासी हैं और कैलादेवी दर्शन के लिए जा रहे थे. सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
चित्तौड़गढ़: तस्करों के ठिकानों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, परिजनों ने किया हंगामा
चित्तौड़गढ़ पुलिस की टीम मादक पदार्थ तस्करी में लिप्त आरोपियों के ठिकानों को ध्वस्त करने गंगरार क्षेत्र के जीवा नायकों का खेड़ा पहुंची. जेसीबी और भारी जाप्ते के साथ पहुंची टीम का आरोपियों के परिजनों ने कड़ा विरोध किया. परिजनों ने बाड़े को अंदर से बंद कर आग लगा दी. भारी विरोध और बिगड़ते हालात को देखते हुए पुलिस टीम को फिलहाल उल्टे पैर लौटना पड़ा.
बीकानेर: दो दोस्तों के बीच विवाद के बाद मुरलीधर व्यास कॉलोनी में हंगामा
मुरलीधर व्यास कॉलोनी में देर रात दो दोस्तों के बीच आपसी विवाद ने उग्र रूप ले लिया. इस दौरान हाई स्पीड में गाड़ियां दौड़ाई गईं और उपद्रवियों ने एक बाइक को आग के हवाले करने का प्रयास किया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई. नयाशहर थानाधिकारी कविता पुनिया ने मौके पर पहुंचकर कुछ लोगों को डिटेन किया है और एक बाइक व पिकअप को जब्त कर जांच शुरू कर दी है.
महिला दिवस: राजस्थान रोडवेज की साधारण बसों में महिलाएं करेंगी मुफ्त यात्रा
8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राज्य सरकार ने महिलाओं और बालिकाओं को खास तोहफा दिया है. राजस्थान की सीमा के भीतर रोडवेज की सभी साधारण श्रेणी की बसों में यात्रा पूरी तरह मुफ्त रहेगी. हालांकि, यह सुविधा वातानुकूलित (AC), वोल्वो और अखिल भारतीय परमिट वाली बसों में लागू नहीं होगी. परिवहन विभाग ने इसके आधिकारिक निर्देश जारी कर दिए हैं.
जयपुर: मंत्री किरोड़ी लाल मीणा आज करेंगे सिविल डिफेंस की नई वेबसाइट लॉन्च
कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा आज दोपहर 1 बजे जयपुर के कृषि पंत भवन में सिविल डिफेंस विभाग की नई वेबसाइट का लोकार्पण करेंगे. इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए आमजन और स्वयंसेवकों को जोड़ा जाएगा, जिससे आपदा प्रबंधन के समय त्वरित सूचना और संसाधनों के बेहतर समन्वय में मदद मिलेगी.
प्रशासनिक अपडेट: चूरू एसपी जय यादव का केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर चयन
फरवरी 2024 से चूरू एसपी के पद पर तैनात जय यादव अब केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जा रहे हैं. 1 जनवरी को पदोन्नति पाकर डीआईजी बने जय यादव को अब बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) में डीआईजी पद की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है.
सीएम भजनलाल शर्मा का आज का कार्यक्रम: सेना दिवस परेड संकलन का विमोचन और उद्यमी सम्मान समारोह
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे. शाम 4:30 बजे वे मुख्यमंत्री कार्यालय में ‘सेना दिवस परेड-2026’ के संकलन का विमोचन करेंगे. इसके बाद शाम 6:30 बजे वे जगतपुरा स्थित वरमाला रिसोर्ट पहुंचेंगे, जहाँ स्वदेशी जागरण मंच द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन और उद्यमी सम्मान समारोह में भाग लेंगे.
जयपुर: हाथोज की फर्नीचर फैक्ट्री में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक
जयपुर के हाथोज क्षेत्र स्थित नारायण सिटी में एक फर्नीचर और गद्दे बनाने की फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई. आग की चपेट में आने से फैक्ट्री में रखा लाखों रुपये का सामान और कच्चा माल जलकर राख हो गया. सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया. राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई.
बानसूर: साथी के हाथ से अचानक चली गोली, हिस्ट्रीशीटर महेश गुर्जर की मौत
कोटपूतली के बानसूर थाना क्षेत्र के मुगलपुर गांव में एक सनसनीखेज हादसा हुआ है. हिस्ट्रीशीटर महेश गुर्जर अपने साथियों के साथ खेत में बैठा था, तभी पास में बैठे एक साथी के हथियार से अचानक गोली चल गई. गोली महेश के पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है.
महिला दिवस का तोहफा: राजस्थान रोडवेज की बसों में महिलाएं करेंगी मुफ्त यात्रा
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राजस्थान सरकार ने महिलाओं और बालिकाओं को विशेष तोहफा दिया है. 8 मार्च को राज्य की सीमा के भीतर सभी साधारण श्रेणी की रोडवेज बसों में यात्रा पूरी तरह मुफ्त रहेगी. परिवहन विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, यह सुविधा केवल साधारण बसों पर लागू होगी; वातानुकूलित (AC), वोल्वो और अखिल भारतीय परमिट वाली बसों में यह छूट मान्य नहीं होगी.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.