Raisen News: मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में एक युवक ‘जातिगत राजनीति’ में फंस गया है. ग्राम पिपलिया पुआरिया के भरत धाकड़ को दलित संतोष परोले के घर श्राद्ध में भोजन करना भारी पड़ गया. वीडियो वायरल होने के बाद धाकड़ समाज ने भरत और उसके परिवार का बहिष्कार कर दिया. इसके लिए गांव में पंचायत हुई, जिसमें बहिष्कार का फैसला लिया गया. हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद स्थानीय विधायक और मंत्री ने मामला टालने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी.
मंत्री जी भी दलित के घर गए
भरत धाकड़ उदयापुरा में रहते हैं, लेकिन उनका परिवार पिपलिया पुआरिया में रहता है. समाज ने सबसे पहले उनके पिता का बहिष्कार किया. युवक का आरोप है कि समाज के लोग पिता को अपने घर नहीं बुला रहे, मानसिक प्रताड़ित कर रहे हैं. मामला बढ़ने के बाद स्वास्थ्य राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल भी दलित के घर पहुंचे और भोजन कर समरसता का संदेश देने की कोशिश की. इसके बावजूद भरत को धाकड़ समाज नहीं अपना रहा है. बता दें कि पीड़ित युवक RSS का सक्रिय कार्यकर्ता है. उसने अब कलेक्टर से न्याय की गुहार लगाई है.
बहिष्कार से बचने की अनोखी शर्त
पीड़ित भरत के अनुसार, घटना नवंबर में घटी. पिपलिया पुआरिया गांव में संतोष परोले के पिता के श्राद्ध में भरत ने भोजन किया. वीडियो वायरल होते ही गांव के कुछ प्रभावशाली लोगों ने भरत के परिवार को ‘बहिष्कृत’ घोषित कर दिया. इसके बाद पंचायत बैठी. भरत ने बताया, ”समाज की पंचायत में उससे कहा गया कि अगर वह चाहता है कि उसके पिता का बहिष्कार न हो तो वह अपने पिता का जीते-जी पिंडदान कर दे, यानी सामाजिक रूप से ‘मृत’ मानना पड़ेगा.”
समाज ने मुझे ही कोसा…
भरत ने बताया, “मैंने तो दलित के घर भोजन कर समरसता का संदेश दिया, लेकिन मेरे समाज ने मुझे ही कोसा. RSS में सेवा करता हूं, लेकिन अब परिवार भटक रहा है.” वहीं, मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने 5 दिसंबर को दलित परिवार के घर जाकर भोजन कर विवाद शांत करने की कोशिश की. उन्होंने कहा, “जाति भेदभाव अस्वीकार्य है. सब लोग बराबर हैं.” लेकिन गांव के पंचायत सदस्यों ने बहिष्कार जारी रखा.
कलेक्टर ने कहा, वैधानिक कार्रवाई होगी
भरत धाकड़ आवेदन पत्र लेकर कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा के पास गए और प्रकरण से अवगत कराया. मामले में कलेक्टर का कहना है कि इसके पहले भी ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां एफआईकर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है. यहां भी अगर जरूरत पड़ी तो कार्रवाई होगी. अपील की कि लोगों को सामाजिक कुरीतियों से बाहर आना चाहिए.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.