रायसेन के सुल्तानगंज में मंगलवार को तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में कक्षा दसवीं की बोर्ड परीक्षा देने जा रहीं दो छात्राओं सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद भी स्वास्थ्य व्यवस्था की लापरवाही सामने आई, जहां चिकित्सक के अभाव में वे करीब आधे घंटे तक तड़पते रहे। घटना सुल्तानगंज–बेगमगंज मार्ग पर बस स्टैंड के पास घाट पर हुई। घाना कलां निवासी रामराज सिंह राजपूत अपनी बेटी प्रेमवती और उसकी सहेली शिखा सेन को सुल्तानगंज शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कक्षा दसवीं के गणित विषय की बोर्ड परीक्षा दिलाने ले जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। सागर रेफर, परिजनों में आक्रोश टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर करीब 40 फीट दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्काल घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर कोई चिकित्सक मौजूद नहीं था। घायल करीब आधे घंटे तक दर्द से कराहते रहे। बाद में चिकित्सा अधिकारी के पहुंचने पर उपचार शुरू हो सका। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को सागर रेफर कर दिया गया। अस्पताल में देरी और लापरवाही को लेकर परिजनों व ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। चालक फरार, ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया, लेकिन ग्रामीणों ने करीब तीन किलोमीटर तक पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर डंपर जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.