राजधानी के उरला औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक लकड़ी फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी विकराल थी कि फैक्ट्री में रखा एक ट्रैक्टर और कीमती मशीनें जलकर राख हो गईं। गनीमत रही कि दमकल कर्मियों ने समय रहते फैक्ट्री के अंदर फंसे दो कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आधी रात को मची अफरा-तफरी उरला पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्र स्थित भीम सरिया मिनरल प्राइवेट लिमिटेड की लकड़ी फैक्ट्री में आधी रात के आसपास अचानक आग भड़की। सूखी लकड़ियों की मौजूदगी के कारण लपटों ने देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। आसमान में उठते धुएं और आग के गोले देखकर आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचित किया। 3 घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग सूचना मिलते ही नगर निगम और निजी उद्योगों की 6 से अधिक दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फैक्ट्री के अंदर दो कर्मचारियों के फंसे होने की खबर से रेस्क्यू ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण हो गया था। दमकल कर्मियों ने जान जोखिम में डालकर करीब ढाई से तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला। आग पर काबू पाने तक फैक्ट्री में खड़ा एक ट्रैक्टर और लकड़ी काटने व फिनिशिंग की मशीनें पूरी तरह जल चुकी थीं। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका आग लगने का स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है, लेकिन उरला थाना पुलिस और फायर एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर मामला शॉर्ट सर्किट का लग रहा है, हालांकि जांच के बाद ही स्थिति साफ होगी। फैक्ट्री प्रबंधन नुकसान का आकलन करने में जुटा है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.