- कॉपी लिंक
रायपुर AIIMS में राज्य स्तरीय सम्मेलन के दौरान “Standard Operating Procedures for Blood Centres” नामक पुस्तक का विमोचन किया गया। यह सम्मेलन Indian Society of Blood Transfusion and Immunohematology (ISBTI) की ओर से आयोजित किया गया था। इसमें राज्य भर के रक्त बैंक विशेषज्ञ, पैथोलॉजिस्ट, ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विशेषज्ञ और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े कई विशेषज्ञ शामिल हुए।
इस मौके पर किताब के लेखक डॉ. भानु प्रताप सिंह, जो बिलासपुर के शासकीय सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, कोनी में डायरेक्टर प्रोफेसर (पैथोलॉजी) और मेडिकल सुपरिन्टेंडेंट हैं। उनकी इस उपलब्धि की सभी ने सराहना की। यह किताब खासतौर पर रक्त केंद्रों के कामकाज, गुणवत्ता नियंत्रण और सुरक्षित रक्त देने की व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए तैयार की गई है।

रक्त केंद्रों के लिए उपयोगी किताब का विमोचन
पुस्तक का विमोचन डॉ अशोक जिंदल (निदेशक, AIIMS रायपुर), डॉ भावना सिरोही (निदेशक, BALCO अस्पताल) और डॉ रविन्द्रन (पूर्व निदेशक, जेएलएन अस्पताल) ने संयुक्त रूप से किया। अतिथियों ने इसे रक्त केंद्रों के लिए उपयोगी और व्यवहारिक मार्गदर्शिका बताया।
डॉ. अशोक जिंदल ने कहा कि मानकीकृत प्रक्रियाएं (SOP) रक्त बैंकिंग और ट्रांसफ्यूजन सेवाओं में बेहद जरूरी हैं। इससे चिकित्सक, तकनीशियन और स्टाफ को स्पष्ट दिशा-निर्देश मिलते हैं और मरीजों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण रक्त सेवाएं मिलती हैं।

डॉ. भावना ने पुस्तक को रक्त बैंकिंग में उपयोगी बताया
डॉ. भावना सिरोही ने कहा कि कैंसर और अन्य गंभीर रोगों के इलाज में रक्त और उसके घटकों की जरूरत होती है। अगर रक्त केंद्र व्यवस्थित और वैज्ञानिक तरीके से काम करें तो मरीजों की सुरक्षा और इलाज की गुणवत्ता दोनों बेहतर होती हैं।
डॉ. भानु प्रताप सिंह ने बताया कि रक्त केंद्रों में काम करने वाले चिकित्सकों और तकनीकी कर्मचारियों के लिए SOP की स्पष्ट और व्यवहारिक जानकारी की जरूरत लंबे समय से थी। इसी उद्देश्य से यह पुस्तक तैयार की गई है। यह विशेष रूप से ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन, पैथोलॉजी और ब्लड बैंकिंग से जुड़े पेशेवरों और छात्रों के लिए उपयोगी संदर्भ ग्रंथ है।
सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के कई मेडिकल कॉलेजों, सरकारी और निजी अस्पतालों के विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया और रक्त आधान सेवाओं को सुरक्षित और प्रभावी बनाने पर चर्चा की।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
