रायपुर में रविवार रात धान से लदी ट्रक कार के ऊपर पलट गई। हादसे में कार में सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज चल रहा है। यह हादसा विधानसभा थाना क्षेत्र में डीपीएस स्कूल के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक और कार दोनों बलौदाबाजार की ओर जा रहे थे। इसी बीच ट्रक का पट्टा (हुक/लॉकिंग सिस्टम) अचानक टूट गया, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर बगल से गुजर रही कार पर पलट गया। इस हादसे में कार बुरी तरह डैमेज हो गई और उसमें सवार लोग फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। एक व्यक्ति को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि चार अन्य गंभीर हालत में अस्पताल रेफर किए गए। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.