छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में कई ऐसी महिला पुलिसकर्मी हैं, जो अपने दायित्वों के प्रति लगातार पूरी ईमानदारी से काम करते आ रही हैं। ऐसे में अंर्तराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पुलिस विभाग द्वारा उनके सम्मान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें महिला पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्रों व पुष्पगुच्छ से सम्मानित किया गया। रविवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पुलिस कंट्रोल रूम में जिला पुलिस रायगढ़ द्वारा महिला सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में साल भर जिला पुलिस में अपने कर्तव्यों का उत्कृष्ट निर्वहन करने वाली महिला पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को विभिन्न श्रेणियों में चयनित कर सम्मानित किया गया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, अनिल विश्वकर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, DSP प्रभात कुमार पटेल, उत्तम प्रताप सिंह, सिद्दांत तिवारी, सुशांतो बनर्जी और आरआई अमित सिंह द्वारा महिला पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र व पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
नई पीढ़ी के लिए रोल मॉडल
इस अवसर पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने महिला पुलिसकर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि महिला पुलिसकर्मी समाज में नारी सशक्तिकरण का सशक्त संदेश दे रही हैं। आज महिलाएं पुलिस, आर्मी समेत कई ऐसे क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं जिन्हें पहले पुरुष प्रधान माना जाता था। देश की महिलाएं समाज में सकारात्मक बदलाव की अग्रदूत हैं और नई पीढ़ी के लिए रोल मॉडल हैं।
पुलिसकर्मियों की विशेष टीम का गठन
कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए केक काटकर महिला दिवस का उत्सव मनाया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने महिलाओं एवं बच्चियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रायगढ़ पुलिस की ओर से महिला पुलिसकर्मियों की विशेष टीम हेलो सिस्टर के गठन की घोषणा की।
टीआई, एसआई समेत इन्हें किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में जिन महिला अधिकारी व कर्मचारियों को सम्मानित किया गया उसमें निरीक्षक, उप निरीक्षक समेत अन्य पदो पर अपना दायित्व निभा रही महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं। इसमें निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर, उप निरीक्षक वीणा साहू, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे, प्रधान आरक्षक जेनिपा पन्ना, महिला आरक्षक अनिता बेक, ममता साहू, मेनका चौहान, सुकृता सिदार, श्यामा सिदार समेत अन्य महिला पुलिस अधिकारी-कर्मचारी को सम्मानित किया गया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.