छत्तीसगढ़ के रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र में कार्यों में लापरवाही और अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ निगम ने कार्रवाई शुरू कर दी है। सफाई ठेकेदार नीलामेश मेन पावर प्राइवेट लिमिटेड को आगामी 3 सालों के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। इसी तरह सीसी सड़क के कार्य में लापरवाही बरतने पर यशराज स्टील्स फर्म को भी ब्लैकलिस्ट किया गया है। निगम कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय की ओर से शहर में चल रहे नाला-नाली, सीसी सड़क, चबूतरा, सामुदायिक भवन निर्माण, मरम्मत और डामरीकृत सड़कों समेत सभी निर्माण कार्यों की समीक्षा की जा रही है। समीक्षा के दौरान प्रत्येक कार्य की प्रगति की जानकारी संबंधित उप अभियंता, सहायक अभियंता और कार्यपालन अभियंता से ली जा रही है। सफाई कार्य में लगातार लापरवाही, निर्देशों का पालन नहीं करने और कर्मचारियों के वेतन और ईपीएफ की राशि समय पर जमा नहीं करने की शिकायतों के आधार पर बिलासपुर की ठेकेदार कंपनी नीलामेश मेन पावर प्राइवेट लिमिटेड को आगामी 3 सालों के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। साथ ही उसकी अमानत राशि भी राजसात कर ली गई है। इसी तरह वार्ड क्रमांक 40 में 26 लाख रुपए के सीसी सड़क निर्माण कार्य और वार्ड क्रमांक 29 में निर्माण कार्यों में लेटलतीफी और गुणवत्ताविहीन काम पाए जाने पर यशराज स्टील्स फर्म को ब्लैकलिस्ट किया गया है। कर्मचारियों को समय पर नहीं दिया वेतन निगम की ओर से जारी आदेश के अनुसार बिलासपुर की कंपनी मेसर्स नीलामेश मेन पावर प्रा. लि. का अनुबंध तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। एजेंसी ने वाहन और विद्युत शाखा के 94 प्लेसमेंट कर्मचारियों से जुड़े मामलों में भी अनियमितताएं पाई। अनुबंध के अनुसार प्रत्येक माह की 7 तारीख तक सफाई कर्मचारियों को वेतन देना अनिवार्य था, लेकिन कंपनी ने सितंबर 2025 से जनवरी 2026 तक लगातार देरी से भुगतान किया। इसके अलावा एजेंसी ने कर्मचारियों को सुरक्षा जैकेट, एप्रन और फोटोयुक्त पहचान पत्र भी उपलब्ध नहीं कराए। एजेंसी ने वित्तीय कठिनाई का हवाला दिया, वहीं निर्धारित समय सीमा के भीतर श्रमिक लाइसेंस भी फर्म की ओर से प्रस्तुत नहीं किया गया। लापरवाही पाए जाने पर बख्शा नहीं जाएगा निगम कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि गुणवत्ता से समझौता करने और समय पर कार्य पूरा नहीं करने वाली एजेंसियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कार्यपालन अभियंता अमरेश लोहिया को निर्देश दिया है कि जो भी ठेकेदार कार्य में लापरवाही बरत रहे हैं और नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.