रायगढ़ में इंदिरा नगर और चांदनी चौक क्षेत्र में उच्च स्तरीय पुल निर्माण की योजना को लेकर जनसुनवाई आयोजित की गई। इस दौरान प्रभावित लोगों ने सूचना नहीं मिलने का आरोप लगाया और पुनर्वास और मुआवजे की मांग को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं। नगर निगम ने इंदिरा नगर से जोगीडीपा चांदनी चौक होते हुए मरीन ड्राइव तक सड़क चौड़ीकरण और पुल निर्माण के लिए सर्वे कराया है। प्रस्तावित पुल की लंबाई 90 मीटर और चौड़ाई 18 मीटर होगी। दोनों ओर 100-100 मीटर का एप्रोच रोड भी बनाया जाएगा। दोनों पुलों की अनुमानित लागत करीब 12 करोड़ रुपये बताई जा रही है। गुरुवार को केवड़ाबाड़ी स्थित मंगल भवन में भू-अर्जन को लेकर समाधान शिविर लगाया गया। प्रशासनिक जानकारी में इंदरपाल सिंह भाठिया (जगतपुर) और दिनेश अग्रवाल (सिविल लाइन) का नाम प्रभावित पट्टाधारियों के रूप में सामने आया। हालांकि समाधान शिविर में दोनों उपस्थित नहीं दिखे। उधर प्रस्तावित मार्ग पर रहने और दुकान संचालित करने वाले कई लोगों ने शिविर में पहुंचकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं। प्रभावितों की मांग- जमीन के बदले जमीन या मुआवजा चांदनी चौक स्थित केशरवानी होटल, विनोद जायसवाल (किराना दुकान संचालक) और मनोज अग्रवाल (कलर पेंट दुकान संचालक) ने बताया कि वे कई सालों से यहां निवास कर छोटे व्यवसाय के जरिए परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। उनका कहना है कि सड़क निर्माण से प्रभावित होने के बावजूद उन्हें सूचना नहीं दी गई। मुआवजे को लेकर भी स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। प्रभावितों ने मांग रखी कि या तो जमीन के बदले जमीन दी जाए या उचित मुआवजा प्रदान किया जाए। सड़क की चौड़ाई कम कर नुकसान घटाने का सुझाव स्थानीय लोगों ने सुझाव दिया कि यदि सड़क की चौड़ाई कुछ कम कर दी जाए तो कई दुकान और मकान बच सकते हैं। इससे लोगों की आजीविका भी सुरक्षित रह सकेगी। लोगों का यह भी कहना है कि पुल और सड़क चौड़ीकरण के बाद प्रगति नगर से ज्यादा तोड़फोड़ की स्थिति बन सकती है। प्रशासन पर वास्तविक स्थिति छिपाने का आरोप भी लगाया गया। 5 लोगों ने दर्ज कराई आपत्तियां जनसुनवाई में उमेश कुमार मालाकार, तकनीकी विशेषज्ञ विनय कुमार बहिदार, तहसीलदार रायगढ़, क्षेत्रीय पार्षद आरिफ हुसैन सहित प्रभावित लोग मौजूद रहे। शिविर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बताया गया कि कुल पांच लोगों ने लिखित आपत्तियां दर्ज कराई हैं। इन्हें आगे की सुनवाई के लिए जिला प्रशासन के पास भेजा जाएगा। सूचना नहीं मिलने से कई लोग नहीं पहुंचे स्थानीय निवासियों का कहना है कि पुल और सड़क चौड़ीकरण से लगभग 15 दुकान और मकान प्रभावित हो रहे हैं। सूचना समय पर नहीं मिलने के कारण अधिकांश लोग जनसुनवाई में शामिल नहीं हो सके। शिविर में नगर निगम के पूर्व सभापति जयंत ठेठवार, वरिष्ठ कांग्रेसी दयाराम धुर्वे, संजय देवांगन, लक्ष्मी साहू, लकेश्वर मिरी, सलीम नियारिया सहित आसपास के रहवासी उपस्थित रहे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.