पूर्णिया के सदर थाना क्षेत्र के सरना चौक स्थित महराजगंज मोहल्ले में एक पॉलिटेक्निक छात्र का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ है। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। मृतक की पहचान मधेपुरा जिले के पुरैनी गांव निवासी चंदन ठाकुर के 22 वर्षीय पुत्र रौनक कुमार के रूप में हुई है। रौनक पूर्णिया के मिलिया पॉलिटेक्निक कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था। परिजनों ने रौनक के दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। रौनक के चचेरे भाई पल्ल्व कुमार ने बताया कि घटना से पहले रात में कुछ दोस्तों के साथ मटन पार्टी हुई थी। पल्ल्व के अनुसार, घटनास्थल के हालात देखकर यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश लगती है। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले एक लड़की के मामले को लेकर रौनक का अपने दोस्तों से झगड़ा भी हुआ था। पल्ल्व ने मौके पर दो थालियां देखीं, जिनमें बचा हुआ चिकन और चावल था। साथ ही, 10 से 15 जली हुई सिगरेट भी मिलीं। उन्होंने दावा किया कि जिस मफलर से फांसी का फंदा लगाया गया था, वह रौनक का नहीं था। पल्ल्व कुमार ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों को सजा दिलाने की मांग की है। सदर थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि परिजनों की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची है। उन्होंने आश्वस्त किया कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिजनों के आवेदन के आधार पर निष्पक्ष जांच की जाएगी। पुलिस ने परिजनों द्वारा लगाए गए हत्या के आरोपों को भी संज्ञान में लिया है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.