पूर्णिया के मरंगा में देसी शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। इस हमले में एक जवान घायल हो गया, जबकि पेट्रोलिंग गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने इस मामले में 11 नामजद पर प्राथमिकी दर्ज की है। घटना सतकोदरिया गांव की है। एसपी स्वीटी सहरावत ने बताया कि गुरुवार की देर शाम मरंगा थानाध्यक्ष कौशल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि सतकोदरिया गांव में बड़े पैमाने पर देसी शराब का निर्माण और कारोबार चल रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम गांव में छापेमारी करने पहुंची। कार्रवाई शुरू करते ही वहां मौजूद शराब धंधे से जुड़े लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और पुलिस टीम पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। साथ ही मारपीट भी की गई। इस दौरान एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। हमलावरों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए पुलिस की गश्ती वाहन को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गई। अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचने के बाद हालात पर काबू पाया जा सका। घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान की जा रही है। गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। वीडियो फुटेज के आधार पर कार्रवाई घायल एसआई राम कुमार के बयान के आधार पर मरंगा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। एफआईआर में 11 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है, जबकि 25 अज्ञात को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान में जुटी है। मरंगा थानाध्यक्ष कौशल कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पुलिस पर हमला, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, मारपीट, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
हमले में घायल पुलिसकर्मी का इलाज कराया गया है। फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद सतकोदरिया गांव और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.