लुधियाना जिले के मुल्लापुर दाखा में पुलिस ने लाइसेंसी हथियार से हवाई फायरिंग करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से एक पिस्टल और कारतूस बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई थाना जोधां पुलिस ने की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कनव कंगस उर्फ कन्नू (निवासी गांव जोधां) और स्वर्णजीत सिंह संधू निवासी गांव ठक्करवाल (लुधियाना) के रूप में हुई है। दोनों की उम्र लगभग 28 साल बताई जा रही है। उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पिस्टल और कारतूस बरामद पुलिस ने आरोपियों के पास से एक 32 बोर की पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और एक खाली खोल बरामद किया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इन दोनों आरोपियों का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। सुनसान कॉलोनी में की फायरिंग पुलिस को 4 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कनव कंगस और स्वर्णजीत सिंह संधू ने बंगला मुखी मंदिर, डोलो खुर्द के पास एक सुनसान कॉलोनी में किसी अन्य व्यक्ति के लाइसेंसी हथियार से फायरिंग की है। नाकाबंदी के दौरान पकड़े आरोपी सूचना मिलने के बाद डीएसपी वरिंदर सिंह खोसा की निगरानी में थाना जोधां के एसआई साहिबमीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने नाकाबंदी की। पुल सूआ डोलो खुर्द के पास नाकाबंदी के दौरान दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। डीएसपी की चेतावनी डीएसपी वरिंदर सिंह खोसा ने बताया कि जिस व्यक्ति के लाइसेंसी हथियार का इस्तेमाल किया गया था, उसे भी जांच में नामजद किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति अपने लाइसेंसी हथियार का विवाह या अन्य समारोहों में प्रदर्शन करता पाया गया, तो उसका हथियार लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.