पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर बजट सेशन के तीसरे दिन की विधानसभा में चर्चा है। इसमें जमकर हंगामा हुआ। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बजट को लोगों का बजट बताया तो विपक्ष के नेताओं ने पूछा कि योजनाओं को पूरा करने का रुपया कहां से लाओगे?
वहीं, चंडीगढ़ की सबसे बड़ी खबर PU में श्री गुरू तेग बहादुर जी को लेकर आयोजित कार्यक्रम में RSS का चीफ गेस्ट होने पर बवाल रही। इसमें पुलिस और छात्रों के बीच धक्कामुक्की और हाथापाई हुई।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें।
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. विधानसभा में बजट पर बहस, CM बोले- बिजली डेढ़ रुपए सस्ती की
पंजाब विधानसभा बजट सत्र के तीसरा दिन गवर्नर गुलाब चंद कटारिया के 6 मार्च के अभिभाषण पर बहस हुई। CM भगवंत मान ने कहा कि 10 लाख तक फ्री इलाज की योजना कनाडा में भी नहीं। विरोधी अब महीने गिन रहे, खुद वादे पूरे नहीं किए। हमने डेढ़ रुपए तक बिजली सस्ती कर दी।
इससे पहले कांग्रेस विधायक दल व विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने AAP सरकार से महिलाओं को 1000 रुपए देने को लेकर सवाल पूछे। उन्होंने कहा कि अब सिर्फ एक साल बचा है। पहले यह बताएं कि पिछले 4 साल के दौरान महिलाओं के 48 हजार रुपए मिलेंगे या फिर कुर्ता झाड़ लें? इसके बारे में CM भगवंत मान अपनी बजट स्पीच में क्लियर करें।
बाजवा ने यह भी पूछा कि 2022-23 में AAP सरकार ने 14 मेडिकल कॉलेज बनाने की बात कही थी। इनमें से अब सिर्फ 5 के नाम ही सामने आए हैं। उनकी प्रोग्रेस कुछ नहीं बताई। कम से कम बाकी 9 के नाम ही बता दो। बाजवा ने बेअदबी को लेकर बनाए गए सख्त कानून को लागू न करने को लेकर भी सवाल खड़े किए।
इस दौरान बाजवा बार-बार कहते रहे कि अगर उन्हें बोलने नहीं दे रहे तो बाहर चले जाएं क्या? इस पर CM भगवंत मान ने कहा कि पहले क्या हमसे पूछकर जाते थे। इसके बाद मंत्री अमन अरोड़ा बोलने के लिए खड़े हुए तो कांग्रेसियों ने हंगामा कर दिया। कुछ समय बाद कांग्रेसी बाहर चले गए। (पढ़ें पूरी खबर)
2. खालिस्तानी आतंकी पन्नू बोला- नैन्सी ग्रेवाल का कत्ल नहीं कराया

कनाडा में पंजाबी यूट्यूबर नैन्सी ग्रेवाल (45) की हत्या मामले में सिख फॉर जस्टिस (SFJ) के खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत पन्नू का पहला वीडियो सामने आया। एक्स पर वीडियो शेयर कर पन्नू ने कहा कि खालिस्तानी किसी का कत्ल नहीं करते। खालिस्तान एक पॉलिटिकल विचार है। नैन्सी की मौत के बाद खालिस्तानियों को निशाना बनाया जा रहा है।
पन्नू ने वीडियो में दावा किया कि नैन्सी हत्याकांड में खालिस्तानियों का कोई हाथ नहीं है। इस कत्ल की जांच चल रही है और इसके तार भारत से जुड़े मिलेंगे। बहुत से ऐसे लोग थे जो नैन्सी को मरवाना चाहते थे। पन्नू ने कहा कि नैन्सी ग्रेवाल से पहले खालिस्तानी निज्जर का भी कत्ल हुआ है। उसके तार भी भारत से जुड़े होने का दावा किया गया है।
पन्नू ने कहा कि यहां पर कई तरह की एजेंसियां काम कर रही हैं जो लोगों को मरवाकर सेंटिमेंट से खेलती हैं। नैन्सी की हत्या से खालिस्तान के खिलाफ नैरेटिव बनाया जा रहा है। बता दें कि 3 मार्च की करीब रात साढ़े 9 बजे चाकू मारकर नैन्सी की हत्या कर दी गई थी। उस पर चाकू से 18 वार करने के साथ उसकी जीभ भी काटी गई थी। (पढ़ें पूरी खबर)
3. सेक्स रैकेट के खुलासे से नाइजीरियन गैंग भड़का, भास्कर रिपोर्टर को विदेशी नंबर से धमकी

लुधियाना में नाइजीरियन युवतियों के सेक्स रैकेट का पर्दाफाश होने से गैंग बौखला गया है। उन्होंने इनकी इन्वेस्टिगेशन करने वाले भास्कर रिपोर्टर को धमकाना शुरू कर दिया है। 5 मार्च को स्टिंग ऑपरेशन की खबर पब्लिश होने के बाद 8 मार्च की रात अलग-अलग विदेशी नंबरों से वॉट्सऐप कॉल और मैसेज किए जा रहे हैं, जिनमें रिपोर्टर को गोली मारने की धमकी दी गई।
मैसेज में पत्रकार की फोटो होने का दावा करते हुए अफ्रीका और अन्य देशों में भारतीयों को नुकसान पहुंचाने की भी धमकी दी गई। धमकी देने वाले ने खुद को सुप्रीम कल्ट से जुड़ा बताया।
पत्रकार ने नंबर ब्लॉक किए तो आरोपियों ने अलग-अलग नंबरों से फिर मैसेज भेजे। मामले में ADGP सिक्योरिटी कौस्तुभ शर्मा ने कहा कि पत्रकार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी और धमकी देने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
बता दें कि भास्कर रिपोर्टर ने फर्जी कस्टमर बनकर नाइजीरियन युवतियों से बात की थी। इसके बाद उन्होंने वॉट्सऐप पर डीलिंग की और अड्डे की लोकेशन भेजी। पूरे धंधे को बेनकाब करने के लिए रिपोर्टर उनके अड्डे तक पहुंचा था। (पढ़ें पूरी खबर)
4. PU में पुलिस ने प्रदर्शनकारी छात्रों को घसीटा, कार्यक्रम में RSS पदाधिकारी को चीफ गेस्ट बनाने पर बवाल

पंजाब यूनिवर्सिटी में श्री गुरू तेग बहादुर जी पर आयोजित कार्यक्रम में RSS पदाधिकारी को चीफ गेस्ट बनाने पर बवाल हो गया। यूनिवर्सिटी परिसर में सथ पार्टी से जुड़े छात्रों ने कार्यक्रम का विरोध करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।
स्थिति को देखते हुए यूनिवर्सिटी प्रशासन ने पुलिस स्टेशन-11 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने नारेबाजी कर रहे प्रदर्शनकारी छात्रों को हिरासत में लिया। इस दौरान पुलिस और छात्रों में खींचतान हुई। कई नेताओं को पुलिस घसीटते हुए ले गई। एक छात्र को पुलिस कर्मचारी कॉलर से पकड़कर ले गया।
सथ पार्टी के मुताबिक, धक्कामुक्की के दौरान कई छात्रों की पगड़ी उतर गई। एक की पुलिस ने किरपाण रख ली। (पढ़ें पूरी खबर)
5. चंडीगढ़ में प्राइवेट स्कूलों को कड़े निर्देश, अभिभावकों को किताब-यूनिफॉर्म के लिए मजबूर किया तो कार्रवाई

चंडीगढ़ के प्राइवेट और कॉन्वेंट स्कूलों में किताबों और यूनिफॉर्म के नाम पर अभिभावकों से की जा रही मनमानी पर प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। चंडीगढ़ प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि कोई भी निजी स्कूल अभिभावकों को किसी विशेष दुकान से किताबें या यूनिफॉर्म खरीदने के लिए मजबूर नहीं कर सकता। यदि ऐसा पाया गया तो संबंधित स्कूल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नए शैक्षणिक सत्र से पहले सभी स्कूलों को निर्देश दिया गया है कि वे किताबों और यूनिफॉर्म से जुड़ी पूरी जानकारी अपनी वेबसाइट और स्कूल के नोटिस बोर्ड पर जारी करें, ताकि अभिभावक शहर की किसी भी दुकान से आवश्यक सामान खरीद सकें।
अगले महीने से शहर के 75 से अधिक प्राइवेट और कॉन्वेंट स्कूलों में नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने जा रहा है। कई स्कूलों ने नए सत्र की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। इसी को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से सभी स्कूलों को दोबारा एडवाइजरी जारी की गई है, जिसमें किताबों और यूनिफॉर्म को लेकर तय नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
6. एनकाउंटर में मारे गए रणजीत सिंह का अंतिम संस्कार, DC कार्यालय पर प्रदर्शन टाला

पुलिस हत्याकांड मामले में एनकाउंटर में मारे गए आरोपी रणजीत सिंह का आज अंतिम संस्कार कर दिया गया। उसके पैतृक गांव आदियां के श्मशान घाट में सुबह 11 बजे उसे मुखाग्नि दी।
परिवार और कार्रवाई समिति की ओर से गुरदासपुर डीसी कार्यालय के सामने होने वाले विरोध प्रदर्शन के फैसले को वापस लेने के बाद अंतिम संस्कार पर सहमति बनी थी।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि रणजीत सिंह के शव की स्थिति दिन-ब-दिन खराब हो रही थी। इस कारण रविवार को परिवार और कमेटी की बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया कि अंतिम संस्कार पहले किया जाए।
परिवार और कमेटी की मांग थी कि रणजीत सिंह का एनकाउंटर करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया जाए। इसी मांग को लेकर 9 मार्च को डीसी कार्यालय के बाहर धरने की योजना बनाई गई थी, इसमें किसान नेता और अन्य संगठन शामिल होने वाले थे। (पढ़ें पूरी खबर)
7. सड़क पर मिली कबड्डी खिलाड़ी की लाश, कई ट्रॉफी जीत चुका था

जालंधर में कबड्डी खिलाड़ी की मौत हो गई। वह अपने गांव उदोवाल से साथ लगते गांव बालोकी खेड़ा रोड पर गया था, जहां आज (9 मार्च) सुबह सड़क पर उसकी लाश पड़ी मिली। परिवार ने नशे की ओवरडोज से मौत की आशंका जताई है।
हालांकि, परिवार ने इस मामले की सूचना पुलिस को नहीं दी और खिलाड़ी का अंतिम संस्कार कर दिया। सरपंच ने कहा कि गांव में नशा इतना हो चुका है कि 21 दिन में ये दूसरी मौत हो गई है।
मृतक की पहचान वंश (19) के रूप में हुई। उसने 2 साल पहले ही 12वीं पास की थी। उसने स्कूल लेवल से ही कबड्डी खेलना शुरू कर दिया था। वह अब तक कई टूर्नामेंट खेल चुका था। (पढ़ें पूरी खबर)
8. डीजे पर गाना लगाने को लेकर झगड़ा, शादी के घर में तोड़फोड़, रिश्तेदारों की गाड़ियां तोड़ीं

गिद्दड़बाहा के गांव कोटली अबलू में शादी समारोह के दौरान दूल्हे के चाचा और एक पड़ोसी युवक के बीच डीजे पर गाना बजाने को लेकर विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि युवक ने करीब 25 युवकों को बुला कर दूल्हे के चाचा पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया।
जबकि, घर में खड़ी रिश्तेदारों की दो कारों व कुर्सियों की तोड़फोड़ कर डाली और दो बाइकों को आग लगा दी। घटना रविवार देर रात की है। घायल बलतेज सिंह उर्फ बब्बू को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां से उसे बठिंडा रेफर कर दिया गया।
परिजन बताते हैं कि सोमवार को विवाह था। इस घटना के बाद विवाह की खुशी का माहौल गम में बदल गया। परिवार खुशियों में खलल डालने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है। सूचना मिलने पर थाना कोटभाई पुलिस ने सोमवार की सुबह घटना स्थल पर पहुंच कर दूल्हे परिवार के बयान लिए और कार्रवाई शुरु कर दी।
दूल्हे के पिता पूर्व पंच तरसेम सिंह ने बताया कि उसके बेटे आकाशदीप का विवाह था। इसलिए रविवार की रात को जागो निकाली जा रही थी। सभी रिश्तेदार और आसपास के लोग समारोह में डीजे पर नाच रहे थे। इस दौरान पड़ोस का युवक डीजे पर अश्लील गाना लगवाना चाह रहा था, जिसे ममेरे भाई बलतेज सिंह उर्फ बब्बू ने रोका और डीजे वाले को गुरदास मान का गीत लगाने को कहा। इतने में पड़ोस का युवक उसके भाई के साथ झगड़ा करने लगा और फिर वहां से गुस्से में चला गया।
कुछ समय बाद रात करीब साढ़े 11 बजे वह करीब 20 से 25 लोगों के साथ तेजधार हथियारों से लैस होकर उनके घर में आया और आते ही तोड़फोड़ शुरू कर दी। रिश्तेदार व परिजनों ने कमरों में छिप कर जान बचाई। सोमवार को परिवार भरे मन से बेटे की बरात लेकर गया। (पढ़ें पूरी खबर)
9. युवक ने ASI की वर्दी फाड़ी, कॉन्स्टेबल के गले पर कांच से हमला

लुधियाना के मोती नगर इलाके में झगड़ा शांत कराने पहुंची पीसीआर टीम पर एक युवक ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने न केवल ड्यूटी पर तैनात एएसआई की वर्दी फाड़ दी, बल्कि एक कॉन्स्टेबल के गले पर कांच मारकर उसे जान से मारने की कोशिश की।
कॉन्स्टेबल ने बचाव किया तो कांच उसके कंधे पर जा लगा। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। कॉन्स्टेबल बलविंदर सिंह ने इस मामले की शिकायत दर्ज कराई।
उन्होंने बताया कि 7 मार्च की रात वह एएसआई सरबजीत सिंह के साथ पीसीआर-21 पर तैनात थे। उन्हें कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि मोहल्ला बेअंत पुरा में मोहित कुमार और उसके चाचा का लड़का सलीम मसीह उर्फ विक्की आपस में लड़ रहे हैं।
जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो आरोपी सलीम मसीह अपने चाचा तिलक मसीह के साथ झगड़ रहा था। पुलिस के मुताबिक- आरोपी सलीम ने शराब पी रखी थी। जब पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने टीम पर हमला कर दिया। (पढ़ें पूरी खबर)
10. सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे मुलाजिमों को मोहाली में रोका, चंडीगढ़ में नहीं घुसने दिया

पंजाब सरकार के खिलाफ पेंशनरों और मुलाजिमों ने भी मोर्चा खोल रखा है। ये सारे लोग मुलाजिम पेंशन साझा फ्रंट के बैनर तले मोहाली के फेज-6 में चंडीगढ़ की सीमा पर जुटे थे। हालांकि, वे चंडीगढ़ में प्रवेश नहीं कर पाए। इसे लेकर पंजाब व मोहाली अलर्ट मोड पर थी।
सुबह से ही मोहाली पुलिस ने फेज-6 में दारा स्टूडियो पर चंडीगढ़ साइड जाने वाली सड़क बंद कर दी थी, लेकिन ट्रैफिक को फेज 6 बस स्टैंड के पास डायवर्ट नहीं किया जा रहा था। इस वजह से जाम की स्थिति बन गई। करीब 3 घंटे तक लोग परेशान होते रहे।
आगे इसी सड़क पर फेज-6 में मैक्स अस्पताल के आगे से जाने वाली सड़क को बंद कर दिया। सड़क के दोनों साइड पहले बैरिकेड लगाए गए थे। इसके बाद पीछे वाली साइड में 3 बसें तो दूसरी साइड बडे़ ट्रक और पानी की बौछारें मारने वाली गाड़ी तैनात थी। इस वजह से लोगों को काफी दिक्कत आई।
इसके बाद फेज-6 से फेज-1 जाने वाली सड़क पर सेक्टर-56 के रिहायशी इलाके के एंट्री पर बैरिकेड लगा दिए थे। इस वजह से इस सड़क पर भी दिक्कत रही। वहीं, अब कल भी मुलाजिमों द्वारा प्रदर्शन किया जाएगा।
(पंजाब-चंडीगढ़ की 10 बड़ी खबरों के साथ कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.