लुधियाना में ऑनलाइन गेम में लाखों रुपए हारने के बाद गायब हुए एक युवक को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ढूंढकर परिजनों के हवाले कर दिया। युवक सब-इंस्पेक्टर का बेटा बताया जा रहा है। युवक दिल्ली से ट्रेन के जरिए लुधियाना पहुंच गया था और थाना डिवीजन नंबर-1 क्षेत्रांतर्गत फील्डगंज इलाके में स्थित छोटू राम धर्मशाला में ठहरा था। उधर, युवक धर्मेश के घर से निकलने के बाद परिवार वाले परेशान हो गए। पिता लगातार बेटे को फोन करता रहा, लेकिन युवक ने फोन नहीं उठाया। इसके बाद पिता ने बेटे की लोकेशन ट्रेस की, जिससे पता चला कि वह लुधियाना में है। परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना लुधियाना की कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और लोकेशन के आधार पर छोटू राम धर्मशाला पहुंची। यहां से पुलिस ने युवक को काबू कर लिया। दिल्ली में करता है पढ़ाई, शेयर मार्केट में भी करता है निवेश युवक के भाई लोकेश गौतम ने बताया कि उनका 23 वर्षीय भाई धर्मेश कुमार दिल्ली में पढ़ाई करता है और साथ ही शेयर मार्केट ट्रेडिंग भी करता था। परिवार मूल रूप से आगरा का रहने वाला है और फिलहाल दिल्ली में रह रहा है। परिजनों के अनुसार, धर्मेश कुमार ऑनलाइन गेम में करीब 2 लाख रुपए हार गया था। पैसे का नुकसान होने के कारण वह मानसिक रूप से परेशान हो गया और घर से निकल गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली से युवक के लापता होने की सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई की गई। लोकेशन के आधार पर उसे ढूंढ लिया गया और बाद में सुरक्षित उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.