पंजाब के 7 जिलों और चंडीगढ़ में कुछ स्थानों पर आज (21 जनवरी को) घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। जबकि गुरुवार से 23 जनवरी तक मौसम बदल जाएगा। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग की तरफ से इस बारे में यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बीते 24 घंटों में औसत अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यह राज्य में सामान्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस भाखड़ा डैम में रिकॉर्ड किया गया। जबकि सबसे कम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस अमृतसर में दर्ज किया गया है। इन जिलों में धुंध की समस्या आएगी मौसम विभाग चंडीगढ़ के मुताबिक, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जबकि शेष स्थानों पर मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि अमृतसर में 50 मीटर और बठिंडा में 100 मीटर दृश्यता दर्ज की गई है। आज रात एक पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा उत्तर पंजाब और आसपास के इलाकों में बना पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर पड़ गया है। हालांकि, ऊपरी वायुमंडल में हवाओं की एक ट्रफ लाइन अभी भी बनी हुई है। ऐसे में माना जा रहा है कि 21 जनवरी की रात से उत्तर-पश्चिम भारत में एक और अधिक ताकतवर पश्चिमी विक्षोभ आएगा, जिसका असर मौसम पर पड़ेगा। उत्तर भारत के ऊपर काफी ऊंचाई पर तेज हवाएं चल रही हैं। इस समय दक्षिणी और पूर्वी हवाएं चल रही हैं, जिस कारण न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है। 22, 23 और 24 जनवरी को उत्तरी पंजाब में बारिश की संभावना नजर आ रही है। पठानकोट, गुरदासपुर, तरनतारन, होशियारपुर, कपूरथला और जालंधर में बारिश की संभावना है, जबकि पटियाला और नवांशहर में भी बारिश के आसार बन सकते हैं। 48 घंटे में तापमान में कोई बदलाव नहीं मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक, राज्य में 22 तारीख को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 23 जनवरी को कई जगहों पर बारिश हो सकती है। वहीं 24 और 26 तारीख को कुछ गिने-चुने स्थानों पर बारिश होने की उम्मीद है। अगले 48 घंटों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। इसके बाद अगले 24 घंटों में तापमान 3 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है, और फिर उसके बाद तापमान में गिरावट आने की संभावना है। अब जानिए अगले 3 दिन कैसा रहेगा मौसम 22 जनवरी – पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, मोगा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला, एसएएस नगर (मोहाली) और मलेरकोटला में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, मानसा, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला, एसएएस नगर (मोहाली) और मलेरकोटला में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चल सकती हैं। वहीं फिरोजपुर, मोगा, लुधियाना, बरनाला, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और एसएएस नगर (मोहाली) में छिटपुट स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 23 जनवरी – पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर और होशियारपुर में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज़ हवाएं चलने की संभावना है। इन इलाकों में हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है। तरनतारन, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, मोगा, भटिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और एसएएस नगर (मोहाली) में गरज-चमक के साथ हवाएं चल सकती हैं, जहां हवाओं की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है। पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर और होशियारपुर में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं तरनतारन, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, मोगा, भटिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और एसएएस नगर (मोहाली) में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा फाजिल्का, फरीदकोट और मुक्तसर में छिटपुट स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 24 जनवरी – पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और एसएएस नगर (मोहाली) में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.