हरियाणा के पंचकूला में साइबर ठगों ने डीआरडीओ अफसर के साथ 90 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी कर दी। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाना पंचकूला में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पंचकूला की टीवीआरएल कॉलोनी निवासी संजीव गुलाटी ने बताया कि आर्मी से रिटायर होने के बाद उन्होंने डीआरडीओ में जॉइन किया। 15 जनवरी को उनके पास कॉल आई कि उनके नाम पर अमेरिकन एक्सप्रेस कार्ड बनाया जा रहा है और कुछ डिटेल्स मांगी गईं। लगातार दो-तीन बार कॉल आने के बाद उन्होंने फोन नहीं उठाया, लेकिन बाद में डिटेल देने की बात कही। अगले दिन उनके मोबाइल पर 70 हजार 444 रुपए और 18 हजार 691 रुपए कटने के मैसेज आए। फ्लिपकार्ट से खरीदे गए मोबाइल मैसेज मिलते ही संजीव गुलाटी ने तुरंत कस्टमर केयर को कॉल कर कार्ड ब्लॉक करवाया। जांच में पता चला कि उनके कार्ड से आईफोन और वीवो मोबाइल खरीदे गए हैं। फ्लिपकार्ट से डिलीवरी एड्रेस ट्रेस करने पर सामने आया कि ये मोबाइल कलकत्ता के दीन महल कॉम्प्लेक्स में डिलीवर हुए हैं। बैंक ने बंद की शिकायत संजीव गुलाटी ने बैंक में डिस्प्यूट रेज किया, लेकिन बैंक ने इसे उनकी गलती बताते हुए शिकायत बंद कर दी। उन्होंने कहा कि ठगों ने उनके नाम और कार्ड की जानकारी का दुरुपयोग कर यह खरीदारी की है। पुलिस जांच में जुटी पंचकूला साइबर थाना के जांच अधिकारी एसआई प्रदीप कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस साइंटिफिक एविडेंस और डिलीवरी एड्रेस के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। जल्द ही ठगों को ट्रेस कर लिया जाएगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.