हरियाणा के नूंह जिले के पुनहाना क्षेत्र में जमीनी विवाद के चलते एक बेटे ने अपने ही पिता का अपहरण करवा दिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी बेटे जलालुद्दीन उर्फ कालिया को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 26 फरवरी की बताई जा रही है। तहसील से लौटते समय हुआ अपहरण जानकारी के अनुसार, शाह चोखा गांव के रहने वाले इस्माइल 26 फरवरी को अपने बेटे नवाब के साथ पुनहाना तहसील में जमीन के कागजात निकलवाने गए थे। तहसील से बाहर बिसरू रोड पर पहुंचते ही दो गाड़ियों में सवार करीब दो दर्जन लोग वहां आ पहुंचे। आरोप है कि लाठी-डंडों से लैस इन लोगों ने इस्माइल को जबरन काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में डाल लिया और गांव बिसरू की ओर ले गए। विरोध करने पर की मारपीट, फिर तहसील के बाहर छोड़ा रास्ते में विरोध करने पर आरोपियों ने इस्माइल के साथ मारपीट की। इसके बाद उन्हें दोबारा पुनहाना तहसील के सामने ही छोड़ दिया गया और आरोपी मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। बेटे पर साजिश रचने का आरोप पीड़ित पक्ष का कहना है कि इस पूरी वारदात के पीछे इस्माइल के छोटे बेटे जलालुद्दीन उर्फ कालिया का ही हाथ है। आरोप है कि उसने अपने ससुराल पक्ष के लोगों के साथ मिलकर जमीन पर कब्जे और बेदखली के डर से पिता को रास्ते से हटाने की साजिश रची। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग इस्माइल को जबरन गाड़ी में बैठाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी पुनहाना शहर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर बीएनएस की धाराओं के तहत केस दर्ज कर आरोपी जलालुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस फिलहाल जमीन विवाद और पारिवारिक रंजिश के हर पहलू की गहन जांच में जुटी हुई है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.