प्रोफेसर राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) विश्वविद्यालय पर बड़ी संख्या में छात्रों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। प्रतापगढ़, कौशाम्बी, भदोही, मिर्जापुर और फतेहपुर सहित कई जिलों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं सुबह से ही विवि गेट पर पहुंचने लगे। छात्रों ने हाथ में बैनर और तख्ती लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान विवि के सुरक्षाकर्मियों और पुलिस बल से तीखी नोकझोंक हो गई। नारेबाजी करते हुए छात्र पुलिसकर्मियों से धक्कामुक्की करते हुए परिसर में घुस गए।
विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालय के बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को परीक्षा परिणाम में बैक कर दिए जाने से नाराज छात्रों में गहरा आक्रोश है। शुक्रवार को छात्रों ने विश्वविद्यालय के गेट पर प्रदर्शन किया। वे बैक किए गए विद्यार्थियों को प्रमोट किए जाने की मांग कर रहे थे। स्नातक व परास्नातक का परीक्षा परीणाम बीते एक मार्च को आया था। इसके बाद से ही छात्र आंदोलित हैं। पिछले शनिवार को भी छात्रों ने प्रदर्शन किया था। पुलिस अधिकारियों के समझाने पर छात्रों ने विवि प्रशासन को एक सप्ताह की मोहलत देते हुए प्रदर्शन खत्म कर दिया था। बावजूद इसके कोई कार्रवाई न होने शुक्रवार को बड़ी संख्या में छात्रों ने फिर प्रदर्शन किया और विवि प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.