ऊना। भारत सरकार द्वारा प्रस्तावित जनगणना 2027 के सफल संचालन को सुनिश्चित बनाने के लिए जिला स्तर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए डीआरडीए सभागार में प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। 18 मार्च तक चलने वाला यह तीन दिवसीय प्रशिक्षण जनगणना कार्य निदेशालय, हिमाचल प्रदेश व जिला प्रशासन के निर्देशन में चलेगा। कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने कहा कि जनगणना किसी भी देश के विकास की योजना बनाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसके माध्यम से जनसंख्या, सामाजिक-आर्थिक स्थिति, शिक्षा, आवास और अन्य महत्वपूर्ण आंकड़ों की जानकारी प्राप्त होती है जो सरकार को भविष्य की नीति निर्धारण के साथ-साथ योजनाओं के निर्माण में सहायक होती है। उपायुक्त ने प्रशिक्षुओं को निर्देश दिए कि इस प्रशिक्षण को गंभीरता, पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ संपन्न करें तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी जानकारी सही ढंग से हासिल करें। उन्होंने कहा कि जनगणना का अधिकांश कार्य डिजिटल माध्यम से किया जाएगा, जिसके लिए फील्ड ट्रेनरों को मोबाइल एप और ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से डेटा संकलन प्रक्रिया की संपूर्ण जानकारी होना आवश्यक है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.