{“_id”:”6938788632a965e9370a3b5b”,”slug”:”pregnant-woman-dies-during-treatment-uproar-at-hospital-bhadohi-news-c-191-1-svns1017-135792-2025-12-10″,”type”:”story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”Bhadohi News: उपचार के दौरान प्रसूता की मौत, अस्पताल पर हंगामा”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}
प्रसूता की मौत के बाद हास्पिटल के बाहर जमा भीड़। स्रोत-संवाद
भदोही। कोतवाली के रामरायपुर स्थित निजी अस्पताल पार्वती हॉस्पिटल में सोमवार की रात उपचार के दौरान प्रसूता की मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल के बाहर जमकर हंगामा किया। हरियांव निवासी प्रसूता के पति राजेश प्रजापति का आरोप है कि उनकी तीसरी संतान के जन्म के दौरान डाॅक्टर ने ऑपरेशन तो कर दिया लेकिन रक्तस्राव न रोक पाने से उसकी हालत बिगड़ गई। इसके बाद उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया। डाॅक्टर की लापरवाही की कीमत पत्नी को जान देकर चुकानी पड़ी। कोतवाली से भारी पुलिस बल ने पहुंचकर किसी तरह परिजनों को समझाया। राजेश प्रजापति ने बताया कि पत्नी रीता के तीसरी बार गर्भवती होने पर उसे पार्वती हाॅस्पिटल में भर्ती कराया था। डिलीवरी के लिए डाॅक्टर ने ऑपरेशन की बात कही। सोमवार की रात ऑपरेशन के दौरान अधिक रक्तस्राव होने से रीता की हालत बिगड़ गई। तब डाक्टर ने वाराणसी रेफर कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मंगलवार को सुबह मृतका के परिजन, रिश्तेदार और पड़ोसी अस्पताल पहुंचकर हंगामा करने लगे। लोगों का आरोप था कि जब महिला की हालत एकदम खराब हो गई, तब कहीं और ले जाने को कह दिया गया। अस्पताल के बाहर हंगामे की सूचना मिलते ही भदोही कोतवाली प्रभारी सच्चिदानंद पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। काफी समझाने बुझाने के बाद भी भीड़ शांत होने का नाम नहीं ले रही थी। मामले की जांच और कार्रवाई का भरोसा दिलाकर किसी तरह लोगों को समझा बुझाकर मामले को शांत कराया। कोतवाली प्रभारी ने कहा कि मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी पीड़ित पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।