प्रयागराज के कैंट इलाके में नेपाल की रहने वाली 33 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध हाल में फंदे से लटका मिला। वह पिछले दो साल से एक युवक के साथ लिव-इन में रह रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उसकी मौत कैसे हुई। साथ रहने वाला युवक भी स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पहले कानपुर में रहती थी महिला का नाम किरण चौधरी (33) बताया गया है। पुलिस के मुताबिक वह प्रियांशु तिवारी नाम के युवक के साथ लिव-इन में रहती थी। प्रियांशु ड्राइवर का काम करता है। उसने बताया कि पहले महिला कानपुर में रहती थी। करीब दो साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए दोनों का संपर्क हुआ था। इसके बाद फोन पर बातचीत होने लगी और वह कानपुर जाकर महिला से मिला। इसके बाद वह कई बार कानपुर आता-जाता रहा। करीब 12 दिन पहले ही वह किरण को लेकर कैंट के मऊ कछार में किराए के कमरे में रहने आया था। रात 12:00 घर लौटा तो हुई जानकारी बुधवार शाम वह बाहर गया था। रात करीब 12 बजे जब वह वापस लौटा तो कमरे का एक दरवाजा बाहर से बंद था और उस पर ताला लगा था, जबकि दूसरा दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला तो उसने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ताला तोड़कर कमरे के अंदर प्रवेश किया तो महिला का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस ने कमरे की तलाशी ली, लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। महिला का मोबाइल गायब पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रियांशु ने बताया कि किरण मोबाइल का इस्तेमाल करती थी, लेकिन जब कमरे की तलाशी ली गई तो उसका मोबाइल नहीं मिला। इस पर पूछताछ की गई तो प्रियांशु ने कहा कि किरण का मोबाइल उसका एक दोस्त लेकर चला गया है। पुलिस जब उसके बताए दोस्त के घर पहुंची तो वहां ताला लगा मिला। लिव-इन पार्टनर की गतिविधियां भी संदिग्ध पुलिस सूत्रों के मुताबिक, लिव-इन पार्टनर घटना के समय खुद के बाहर होने की बात बता रहा है, लेकिन उसकी गतिविधियां भी संदिग्ध लग रही हैं। दरअसल, दो साल से साथ रहने के बावजूद जब उससे महिला के परिवार के बारे में पूछा गया तो उसने कोई जानकारी होने से इनकार कर दिया। उसने सिर्फ इतना बताया कि किरण की एक बेटी है, जो कानपुर में रहकर पढ़ाई कर रही है। हालांकि वह उसका मोबाइल नंबर भी नहीं बता पाया। पीएम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह कैंट थाना प्रभारी अमरनाथ राय ने बताया कि मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया था, जिसने फिंगरप्रिंट के नमूने लिए हैं। डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया था। महिला के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। उसका मोबाइल नंबर मिला है, जिससे कॉल डिटेल रिपोर्ट (CDR) निकलवाई जा रही है। लिव-इन पार्टनर से भी पूछताछ की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.