अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने के लिए प्रवीण तोगड़िया मंगलवार को दरभंगा पहुंचे, जहां उनका स्वागत संत रामउदित दास उर्फ मौनी बाबा ने पाग, चादर, माला और तलवार भेंट कर किया। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और उससे जुड़े संगठनों के कार्यकर्ता सम्मेलन में उन्होंने कई सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर अपनी राय रखी। पत्रकारों से बातचीत में तोगड़िया ने कहा कि देश और बिहार में गोहत्या पूरी तरह बंद होनी चाहिए और गोमांस की बिक्री पर भी सख्त रोक लगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह हिंदू समाज की लंबे समय से चली आ रही मांग है।
‘तीन बच्चे हिंदू सच्चे’
हिंदू समाज के संदर्भ में तोगड़िया ने कहा कि हिंदुओं को तीन बच्चे होने चाहिए। उन्होंने कहा, “तीन बच्चे हिंदू सच्चे, बाकी हिंदू कच्चे।” उनका कहना था कि हिंदू समाज को मजबूत बनाने के लिए जनसंख्या संतुलन जरूरी है।
‘बिहार की डबल सेवा करेंगे नीतीश कुमार’
वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चा पर तोगड़िया ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार में लंबे समय तक काम किया है और राज्य को आगे बढ़ाया है। अब अगर वह दिल्ली जाते हैं तो वहां से भी बिहार की सेवा करेंगे और राज्य के लिए ज्यादा संसाधन दिलाने की कोशिश करेंगे। नीतीश कुमार बिहार में रहकर सेवा कर रहे थे, अगर दिल्ली जाएंगे तो बिहार की डबल सेवा करेंगे।
हर गांव में सामूहिक हनुमान चालीसा का आह्वान
सम्मेलन में अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद, राष्ट्रीय बजरंग दल और राष्ट्रीय महिला परिषद ओजस्विनी के कार्यकर्ताओं ने यह निर्णय लिया कि हर गांव और मोहल्ले में मंगलवार और शनिवार की रात सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा। तोगड़िया ने कहा कि देशभर में ऐसे हजारों हनुमान चालीसा केंद्र बनाए जा रहे हैं और लक्ष्य है कि एक लाख स्थानों पर सामूहिक पाठ शुरू हो। उन्होंने कहा कि ये केंद्र हिंदू समाज के लिए सहायता केंद्र की तरह काम करेंगे, जहां जरूरतमंदों को इलाज, कानूनी मदद, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी सहायता दी जाएगी।
ये भी पढ़ें: बेगूसराय में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या से गैंगवार की आहट, जेल से साजिश रचने का आरोप
लव जिहाद और अन्य मुद्दों पर भी बोले
तोगड़िया ने लव जिहाद के मुद्दे पर भी चिंता जताते हुए कहा कि समाज को इसके खिलाफ जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर कोई हिंदू परेशानी में है तो वह “हिंदू हेल्पलाइन” से संपर्क कर सकता है और संगठन के कार्यकर्ता उसकी मदद करेंगे। इस दौरान उन्होंने देश के नेतृत्व की भी सराहना करते हुए कहा कि भारत पहले भी महान था, आज भी महान है और आगे भी महान रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश का गौरव बढ़ रहा है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.