नगर पंचायत कुंडा के करेंटी रोड पर सोमवार की सुबह निकले धार्मिक जुलूस का निशान हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। जिससे निशान करंट की चपेट में आ गया और उसे पकड़े अरविंद सोनी (32) झुलसने लगा। आनन-फानन में कोतवाली पुलिस ने उसे सीएचसी पहुंचाया। जांच के बाद चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। यह सुनते ही परिजन रोने-बिलखने लगे। पुलिस छानबीन के बाद आवश्यक कार्रवाई में जुटी रही।
कुंडा कोतवाली के नरसिंहगढ़ महुआतार से सोमवार को रामबाबू सोनी परिवार की मन्नत पूरी होने पर गाजे-बाजे के साथ धार्मिक जुलूस लेकर अवधेश्वरनाथ मंदिर पर निशान चढ़ाने निकले। डीजे पर बज रहे धार्मिक गीतों के बीच लोग भक्तिमय माहौल में घर से करीब 100 मीटर दूर करेंटी रोड पर पहुंचे। इस बीच हरे बांस में लगा निशान सड़क के ऊपर से गुजर रही 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। उस समय निशान अरविंद सोनी (32) ने पकड़ रखा था। अचानक वह करंट की चपेट में आने से झुलसने लगा। यह देख वहां भगदड़ मच गई। शोर शराबा सुनकर कुछ लोग अरविंद को बचाने के लिए आगे आए। किसी तरह उसे करंट की चपेट से बाहर किया।
उधर से गुजर रहे कुंडा कोतवाल के वाहन चालक ने झुलसे अरविंद को उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया। जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। खबर मिलते ही पिता श्यामलाल सोनी, पत्नी कोमल व मां रोते बिलखते अस्पताल पहुंचे। वहीं, घटना की जानकारी मिलने पर राजा भैया के प्रतिनिधि हरिओम शंकर श्रीवास्तव और नगर पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि शिवकुमार तिवारी भी मौके पर पहुंचे। पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। कुंडा सीओ अमरनाथ गुप्ता ने बताया कि हरे बांस में निशान बांधा हुआ था। जो हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया और युवक की मौत हो गई।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.