गांव बरानी में बुधवार सुबह बच्चे के अपहरण मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बच्चे को रोहतक से ढूंढ लिया है। एसटीएफ और झज्जर पुलिस की 12 टीमों ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर बच्चे को ढूंढ निकाला है। फिलहाल पुलिस बच्चे का अपहरण करने वाले आरोपियों की तलाश कर रही है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे गांव बरानी चौक के पास से बीडीएम नर्सिंग संस्थान के मालिक के बेटे का अज्ञात आरोपियों ने अपहरण कर लिया था। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी लगाकर सर्च अभियान शुरू किया और जांच शुरू की।
देर रात बच्चा रोहतक में मिला। डीसीपी क्राइम अमित दहिया ने बताया कि बच्चे को सुरक्षित ढूंढ लिया गया है और मेडिकल जांच के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस को मामले में अहम सुराग मिले हैं और आरोपियों की पहचान कर ली गई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय इनपुट के आधार पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस का दावा है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा। बच्चे का अपहरण क्यों किया गया, अभी इसका खुलासा नहीं किया गया है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.