पलामू के हैदरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत दिवानबीघा के पास शुक्रवार रात एक सड़क दुर्घटना में झारखंड पुलिस के जवान सोनू सिंह (38) की मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। सोनू सिंह दिवानबीघा के ही निवासी थे
सोनू सिंह बिहार के औरंगाबाद में अपनी पत्नी को साढू के घर छोड़कर वापस अपने घर लौट रहे थे। उनके साढू की बेटी की शादी तय हुई थी, जिसके लिए वे पत्नी के साथ खरीदारी करने औरंगाबाद गए थे। यह हादसा उनके घर से कुछ ही दूरी पर हुआ।
स्थानीय लोगों की सहायता से सोनू सिंह को अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शनिवार सुबह अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद में उनके शव का पोस्टमॉर्टम किया गया। देवरी सोन नदी तट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। हैदरनगर थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और अज्ञात वाहन की तलाश जारी है।
सोनू सिंह रांची के नामकुम में पदस्थापित थे
सोनू सिंह पिछले छह वर्षों से झारखंड पुलिस में कार्यरत थे और वर्तमान में रांची के नामकुम में पदस्थापित थे। गुरुवार को ही वे छुट्टी लेकर घर आए थे। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
सोनू सिंह अपने दो भाई और एक बहन में सबसे बड़े थे। उनके दो बच्चे हैं, जिनमें एक 12 वर्षीय बेटी और एक 10 वर्षीय बेटा शामिल है। उनके पिता परिखा सिंह एक सेवानिवृत्त शिक्षक हैं, जो बिलासपुर हाई स्कूल से रिटायर हुए थे, और उनकी मां आंगनवाड़ी सेविका हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.