गुना जिले के बमौरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोनखरा में दो पक्षों के बीच पुराने विवाद को लेकर हुई हिंसक झड़प के मामले में गुना पुलिस ने तेजी दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के निर्देशन में घटना के कुछ ही घंटों के भीतर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।
जानकारी के अनुसार 19 दिसंबर की शाम ग्राम सोनखरा में रंजिश को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने एकजुट होकर दूसरे पक्ष के रवि धाकड़, केदारीलाल धाकड़, सागर धाकड़ और शंकरलाल धाकड़ के साथ जानलेवा मारपीट की। इस हमले में पीड़ितों को गंभीर चोटें आईं। मामले की शिकायत रवि धाकड़ द्वारा बमौरी थाने में दर्ज कराई गई, जिस पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
ये भी पढ़ें- जगदगुरु राघवाचार्य के विरुद्ध परिवाद पर नये सिरे से होगी सुनवाई, जेएमएफसी का आदेश निरस्त
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमों ने लगातार दबिश दी और रात में ही छह आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में प्रेमनारायण धाकड़, हरिचरण धाकड़, कैलाश धाकड़, मोहनप्रसाद धाकड़, सूरज धाकड़ और प्रकाश धाकड़ शामिल हैं, जो सभी ग्राम सोनखरा के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, शेष फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.