मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में अवैध अफीम की खेती का मामला सामने आया है। टीकमगढ़ जिले के दिगौड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने मंगलवार को छापामार कार्रवाई करते हुए एक खेत से करीब 27 किलोग्राम अफीम के हरे पौधे जब्त किए। कार्रवाई मुखबिर की सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस टीम ने ग्राम रतनगुवां भाटा के खदई हार क्षेत्र में दबिश दी। खेत में गेहूं की फसल के बीच अफीम के पौधे इस तरह लगाए गए थे कि दूर से देखने पर सामान्य खेती प्रतीत हो। तलाशी के दौरान बड़ी संख्या में हरे-भरे पौधे बरामद किए गए, जिनका कुल वजन लगभग 27 किलोग्राम बताया गया है।
मौके से खेत मालिक अजीत खान, निवासी बम्होरी खास, को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को दिगौड़ा थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। उसके खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
पढ़ें: हजारों करोड़ हुआ बजट फिर भी प्रदेश के स्कूलों की दुर्दशा, 6000 भवन जर्जर, 3500 में शौचालय नहीं
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस अवैध खेती में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं। कुछ स्थानीय सूत्रों का दावा है कि संबंधित परिवार पूर्व में भी अवैध गतिविधियों से जुड़ा रहा है, हालांकि पुलिस अधिकारियों ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
जतारा एसडीओपी अभिषेक गौतम ने बताया कि कार्रवाई देर शाम तक जारी रही और मामले का औपचारिक खुलासा जल्द किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है और आसपास के क्षेत्रों में भी सघन जांच की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.