भारत सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डॉ. गौरव सिंह ने की। इस दौरान जिले में योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अपेक्षित प्रगति नहीं करने वाले बैंकों और विभागों को तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न बैंकों, विद्युत विभाग और संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में योजना के तहत प्राप्त आवेदनों, स्वीकृत प्रकरणों, सब्सिडी की स्थिति और स्थापित सोलर रूफटॉप सिस्टम की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) के अधिकारियों को क्षेत्रवार प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने सभी बैंकों को पात्र हितग्राहियों को ऋण देने में अनावश्यक देरी नहीं करने के निर्देश दिए। साथ ही आम नागरिकों को योजना का अधिकतम लाभ दिलाने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने, शिविर आयोजित करने और ग्राम व वार्ड स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया। बैठक में निर्देश दिए गए कि तकनीकी स्वीकृति, ऋण स्वीकृति और सब्सिडी वितरण की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए। इस अवसर पर विश्वदीप और कुमार बिश्वरंजन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.