योगी आदित्यनाथ शनिवार को अपने घर पर लोगों से मिलते रहे। ऋषिकेश, नरेंद्र नगर, कोटद्वार, देहरादून से आए प्रशंसक, नाते रिश्तेदार, ग्रामीण और जनप्रतिनिधि योगी से मिलने पहुंचे। लोग गेट पर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। इस दौरान नवविवाहित जोड़ा भी उनके आवास में पहुंचा और योगी ने उन्हें आशीर्वाद दिया। नवविवाहित जोड़े शिवानी बडोला और योगेश सेमवाल ने योगी आदित्यनाथ के साथ फोटो भी खिंचवाई।
—
पिताजी और चाचा जी कैसे हैं
कांडी निवासी जयवीर नेगी ने बताया कि जब वह योगी आदित्यनाथ से मिले तो वह पहचान नहीं पाए। जब अपने पिताजी और चाचा जी का नाम बताया तो वह पहचान गए और पूछा कि पिताजी एवं चाचा जी कैसे हैं। कुछ ग्रामीण युवतियां अपनी शादी का कार्ड लेकर योगी जी से मिलने आईं थी। उन्हें शादी समारोह में आने का निमंत्रण दीं। योगी ने विवाह में शामिल होने की हामी भरते हुए फोटो खिंचवाई।
—
मंदिर में पुष्प वाटिका और नव गृह वाटिका बनाने को कहा
सीएम योगी गांव में निर्माणाधीन विष्णु मंदिर में पहुंचे। उन्होंने कार्यदायी संस्था से कार्य की जानकारी ली। इस दौरान मंदिर परिसर के पीछे खाली पड़ी भूमि पर पुष्प वाटिका और नव ग्रह वाटिका बनाने के लिए कहा। मंदिर के समीप ही सीला सड़क मार्ग से पैदल आ रहे ग्रामीणों से नाम और कुशलक्षेम पूछा। बातचीत में पंचूर सीला सड़क की जानकारी मांगी। ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क पंचूर से सीला होते हुए डांडा मंडल ऋषिकेश जाती है।