पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव में आज कैंडिडेट की फाइनल लिस्ट जारी की जाएगी। पहले यह सूची 21 फरवरी को जारी होनी थी, लेकिन पटना साइंस कॉलेज में शिक्षक के साथ दुर्व्यवहार के बाद चुनाव स्थगित कर दिया गया था। इसके बाद प्रत्याशियों की मांग पर प्रशासन ने 28 फरवरी को ही चुनाव कराने का निर्णय लिया। आज सभी छात्र संगठनों के प्रत्याशियों के साथ चुनाव समिति बैठक भी करेगी। चुनाव से पहले यूनिवर्सिटी प्रशासन इस बात को स्पष्ट करना चाह रहा है कि चुनाव के दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं घटे और चुनाव मर्यादित तरीके से संपन्न हो। रविवार को छात्रों ने मांगी माफी दूसरी ओर दुर्व्यवहार करने वाले छात्रों ने रविवार को शिक्षक को पत्र लिखकर माफी मांगी है। इसमें मोनू कुमार, अनुज कुमार, रमेश कुमार और सन्नी कुमार शामिल हैं। उन्होंने कहा कि, ‘अब आगे कभी भी इस तरह की घटना नहीं होगी।’ छात्रों ने पत्र में पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में आचार संहिता का पालन करने और विश्वविद्यालय की एकेडमिक और लोकतांत्रिक गरिमा के अनुरूप आचार करने का लिखित वादा किया है। इसके साथ ही छात्रों ने अपनी गलती को स्वीकार करते हुए शिक्षक से किसी भी प्रशासनिक कार्रवाई नहीं करने का आग्रह किया है। यूनिवर्सिटी स्तर पर जांच के लिए बनी एक कमेटी पटना सायंस कॉलेज में शनिवार को अंग्रेजी विभाग के शिक्षक प्रो शोवन चक्रवर्ती के साथ मारपीट की घटना को कुलपति प्रो. नमिता सिंह ने गंभीरता से लिया है। मीडिया प्रभारी डॉ वीरेंद्र कुमार पासवान ने बताया कि, मामले की जांच प्राचार्य स्तर पर कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। इसके साथ ही यूनिवर्सिटी स्तर पर भी एक कमेटी बनाई गई है। घटना से नाराज पुटा की कार्यकारिणी की बैठक सोमवार को होगी। इसमें शिक्षक के साथ हुए दुर्व्यवहार पर चर्चा होगी। इसके बाद शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल कुलपति से मुलाकात करेगा। क्या है पूरा मामला? पटना साइंस कॉलेज में छात्रसंघ के चुनाव प्रचार के दौरान दो काउंसिल मेंबर के प्रत्याशी और उनके समर्थक एक ही समय में प्रचार करने पहुंचे। इस बीच सेमेस्टर-2 के विद्यार्थियों की क्लास चल रही थी। दोनों गुट के बीच बहस होते-होते मारपीट होने लगी। क्लास ले रहे एक टीचर ने प्रत्याशी और उनके समर्थकों को क्लास खत्म होने बाद आने के लिए कहा। हंगामा बढ़ता देख शिक्षक ने एक पक्ष के प्रत्याशियों को क्लास से बाहर निकालने की कोशिश की। इस दौरान उनके पीछे खड़े कुछ छात्रों ने शिक्षक पर ही हाथ उठा दिया और उनके साथ हाथापाई की।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.