Gopalganj News: आरजेडी छोड़कर जेडीयू में शामिल हुए पूर्व विधायक रेयाजुल हक राजू ने सियासी हलकों में हलचल मचा दी है. गोपालगंज में उन्होंने दावा किया कि आरजेडी के 50 से ज्यादा नेता उनके संपर्क में हैं और आने वाले एक से दो महीनों में जेडीयू का दामन थाम सकते हैं. रेयाजुल हक ने तेजस्वी यादव के नेतृत्व पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि आरजेडी अब कार्यकर्ताओं की पार्टी नहीं रही, बल्कि धन सेठों की पार्टी बन चुकी है. उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी में तानाशाही चल रही है और अच्छे, जमीनी नेताओं की लगातार उपेक्षा हो रही है, जिससे जल्द बड़ा राजनीतिक टूट देखने को मिल सकता है.
रेयाजुल हक ने दावा किया कि 50 से ज्यादा नेता आरजेडी छोड़ेंगे.
आरजेडी को बताया ‘धन्ना सेठों की पार्टी’
गोपालगंज में मीडिया से बातचीत के दौरान रेयाजुल हक राजू ने आरजेडी और उसके नेतृत्व पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव के नेतृत्व में आरजेडी अब कार्यकर्ताओं की पार्टी नहीं रह गई है, बल्कि यह “धन्ना सेठों की पार्टी” बनकर सिमट गई है. उनका आरोप है कि पार्टी में अब जमीनी कार्यकर्ताओं की कोई सुनवाई नहीं होती और निर्णय चंद लोगों के इशारे पर लिए जाते हैं.
तेजस्वी यादव पर लगाए गंभीर आरोप
पूर्व विधायक ने कहा कि आरजेडी में आज “डिक्टेटरशिप” का माहौल है. अच्छे और मेहनती नेताओं को नजरअंदाज किया जा रहा है, जिससे पार्टी के भीतर असंतोष बढ़ता जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि यही वजह है कि कई वरिष्ठ और जमीनी नेता आरजेडी छोड़ने का मन बना चुके हैं. रेयाजुल हक ने कहा, “जो लोग पार्टी के लिए वर्षों से काम कर रहे थे, उन्हें हाशिये पर डाल दिया गया है. ऐसे में उनके पास दूसरा रास्ता क्या बचता है?”
जेडीयू की ओर बढ़ता रुझान
जेडीयू को लेकर रयाजुल हक राजू ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में पार्टी पर लोगों का भरोसा कायम है. उन्होंने दावा किया कि आरजेडी के कई नेता जेडीयू की नीतियों और कार्यशैली से प्रभावित होकर संपर्क में हैं. उनका कहना है कि आने वाले समय में जब ये नेता जेडीयू में शामिल होंगे, तो इसका असर बिहार की राजनीति पर साफ दिखेगा.
सियासी हलकों में बढ़ी चर्चा
पूर्व विधायक के इस दावे के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है. हालांकि आरजेडी की ओर से फिलहाल इन आरोपों और दावों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. लेकिन यदि रेयाजुल हक का दावा सही साबित होता है, तो यह आरजेडी के लिए बड़ा झटका और जेडीयू के लिए सियासी मजबूती माना जाएगा.
About the Author

A Multimedia Journalist having experience of more than 14 years in mainstream media Industry. Currently Working with Network 18 Media & Investment Limited for News18 Hindi Website as a Chief Sub Editor. He …और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.