बिहार के उपमुख्यमंत्री मंत्री विजय सिन्हा की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति और ऑन-द-स्पॉट कार्रवाई से अधिकारियों में हड़कंप है. जबकि भ्रष्टाचार से त्रस्त जनता इसका स्वागत कर रही है. अंचल कार्यालयों में व्याप्त रिश्वतखोरी और दाखिल-खारिज में देरी के विरुद्ध मंत्री के सख्त रुख को आम लोग विभाग की शुद्धि के लिए अनिवार्य मान रहे हैं.
जनसंवाद बना ‘अधिकारियों की अग्निपरीक्षा’
विजय सिन्हा इन दिनों विभिन्न जिलों में जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से सीधे आम लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं. इन कार्यक्रमों की खास बात यह है कि शिकायतों के मिलते ही मंत्री अधिकारियों से जनता के सामने जवाब तलब कर रहे हैं और दोषी पाए जाने पर तत्काल निलंबन की चेतावनी दे रहे हैं. इसी ‘रफ एंड टफ’ कार्यशैली से राजस्व अधिकारी और कर्मचारी संघ खासा नाराज हैं.
राजस्व संघ की बगावत: ‘नहीं सहेंगे अपमान’
बिहार राज्य राजस्व संघ ने मोर्चा खोलते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखा है. संघ का आरोप है कि विजय सिन्हा जनसंवाद के दौरान अधिकारियों के लिए ‘खड़े-खड़े सस्पेंड कर दूंगा’ और ‘पब्लिक का काम लटकाया तो ठीक नहीं होगा’ जैसी भाषा का प्रयोग करते हैं, जो उनके सम्मान के खिलाफ है. संघ ने सामूहिक कार्य बहिष्कार की धमकी देते हुए मुख्यमंत्री से इस मामले में हस्तक्षेप की मांग की है.
विजय सिन्हा का दो टूक- अराजकता बर्दाश्त नहीं
अधिकारियों की नाराजगी पर विजय सिन्हा अपने रुख पर अडिग हैं. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, मैं किसी के दबाव में आने वाला नहीं हूं. जब तक इस विभाग में हूं, जनता के लिए काम करूंगा. फर्जी दस्तावेज बनाकर जो ‘420’ का खेल खेला जा रहा है, उसका पूरा संज्ञान लिया जाएगा. उन्होंने आगे कहा कि जो ईमानदारी से काम कर रहे हैं, उन्हें डरने की जरूरत नहीं है, लेकिन भ्रष्टाचार फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी.
आम लोगों का भारी समर्थन
इस विवाद के बीच बिहार के भ्रष्टाचार विरोधी मंच सहित विभिन्न संगठनों और आम नागरिकों ने विजय सिन्हा के एक्शन का स्वागत किया है. लोगों का कहना है कि अंचल कार्यालयों में बिना रिश्वत के कोई काम नहीं होता. दाखिल-खारिज से लेकर जमीन की मापी तक के लिए आम जनता को महीनों दौड़ाया जाता है. ऐसे में मंत्री का सख्त होना विभाग की शुद्धि के लिए अनिवार्य है. सोशल मीडिया पर भी समर्थन मिल रहा है.
About the Author

मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.