संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए जू प्रशासन ने पहले से ही इंतजाम शुरू कर दिए हैं. पटना जू और इको पार्क समेत अन्य पर्यटन स्थलों पर अतिरिक्त टिकट काउंटर खोलने की तैयारी की गई है. साथ ही, ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा भी एक्टिव कर दी गई है. एक जनवरी के लिए टिकटों की बिक्री अभी से ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से शुरू हो चुकी है. न्यू ईयर के दिन पटना जू में करीब 10 अतिरिक्त टिकट काउंटर लगाए जाएंगे, वहीं इको पार्क में भी इसी तरह के विशेष इंतजाम किए गए हैं.
01 जनवरी के दिन पटना जू घूमने आने वाले लोगों के लिए टिकट के प्राइस में तीन गुना तक की बढ़ोतरी की गई है. एक जनवरी को वयस्कों का टिकट 50 रुपये से बढ़ाकर 150 रुपये और पांच से 12 वर्ष तक के बच्चों का टिकट 20 रुपये से बढ़ाकर 60 रुपये कर दिया गया है. इतना ही नहीं, एक जनवरी को बोटिंग, बैटरी गाड़ी, मछली घर, निशाचर घर और 3डी थिएटर पूरी तरह से बंद रहेगा. लोग सुबह 7.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक प्रवेश कर सकते हैं.
इको पार्क का भी बढ़ा टिकट प्राइस
पटना का राजधानी वाटिका यानी इको पार्क का भी टिकट प्राइस बढ़ा दिया गया है. 01 जनवरी को वयस्कों को 50 रुपये जबकि बच्चों को 25 रुपये का टिकट खरीदना होगा. यहां भी बोटिंग, गुलाब गार्डन और एडवेंचर पार्क पूरी तरह से बंद रहेगा.
लोगों ने दी अपनी प्रतिक्रिया
पटना जू घूमने आए रमाशंकर कुमार ने बताया कि नॉर्मल दिनों में टिकट की कीमत ₹50 है, जबकि 1 जनवरी के लिए टिकट का दाम बढ़ाकर ₹150 कर दिया गया है. उन्होंने कहा कि न्यू ईयर के दिन लोग परिवार के साथ समय बिताने और घूमने निकलते हैं, ऐसे में टिकट की कीमत नहीं बढ़नी चाहिए थी. हालांकि, अत्यधिक भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से टिकट दरें बढ़ाई गई हैं. रमाशंकर का मानना है कि इससे खास असर नहीं पड़ेगा, क्योंकि जिसे घूमना होगा, वह किसी भी हाल में घूमेगा.
1 जनवरी को टिकट तीन गुणा महंगा
वहीं, एक दूसरे पर्यटक शिवम कुमार ने बताया कि उन्हें भी जानकारी मिली कि 1 जनवरी को टिकट का किराया करीब तीन गुना कर दिया गया है. इसी वजह से उन्होंने आज ही जू घूमने का फैसला किया. शिवम ने कहा कि न्यू ईयर के दिन भीड़ काफी अधिक होती है, इसलिए टिकट के दाम बढ़ाए गए हैं, लेकिन ऐसा नहीं किया जाना चाहिए था.
पटना जू घूमने को लेकर बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिलता है. जानवरों को देखने के लिए बच्चे बेहद रोमांचित नजर आते हैं. एक बच्चे ने कहा कि जू की सुविधाएं उसे बहुत अच्छी लगती हैं. यहां अलग-अलग तरह के जानवर हैं और 3डी थिएटर उसे सबसे ज्यादा पसंद है.
इस बीच, नवीन कुमार ने बताया कि न्यू ईयर के दिन पटना जू घूमने का लोगों में जबरदस्त क्रेज रहता है. भारी भीड़ उमड़ती है. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हर साल टिकट के दाम बढ़ाए जाते हैं. उन्होंने कहा कि यह बढ़ोतरी सिर्फ एक दिन के लिए होती है, इसलिए लोगों पर ज्यादा फर्क नहीं पड़ता.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.