दरअसल आज बीजेपी के वरिष्ठ नेता पटना साहिब रविशंकर प्रसाद और भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन की कुछ तस्वीरों ने एक बार फिर से पुराने रिश्ते की खूबसूरत यादों को सामने लाने का काम किया. ये तस्वीरें सिर्फ एक मुलाकात की नहीं, बल्कि दो पीढ़ियों के गहरे राजनीतिक और पारिवारिक रिश्तों की कहानी बयां करती है. मौका था भाजपा के वरिष्ठ नेता और जनसंघ से लेकर बीजेपी तक के मजबूत स्तंभ रहे नवीन किशोर सिन्हा की 20वीं पुण्यतिथि का.
रविशंकर प्रसाद ने गर्मजोशी के साथ मिलाया हाथ
नवीन किशोर सिन्हा की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे. इस दौरान रविशंकर प्रसाद ने नवीन सिन्हा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. कार्यक्रम में नितिन नवीन भी मौजूद रहे और उन्होंने अपने पिता के संघर्ष, विचारधारा और राजनीतिक योगदान को याद किया. इस मौके पर रविशंकर प्रसाद ने बड़े ही गर्मजोशी के साथ नितिन नबीन से हाथ मिलाया और दिवंगत नवीन किशोर सिन्हा से जुड़ी उनकी यादों का जिक्र किया. दरअसल रविशंकर प्रसाद किसी जमाने में नितिन नबीन के पिता नवीन किशोर सिन्हा के साथ ही राजनीति में आगे बढ़ रहे थे.
रविशंकर प्रसाद और नवीन सिन्हा के रिश्तों की पुरानी कहानी
रविशंकर प्रसाद और नवीन किशोर सिन्हा के बीच संबंध केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि वैचारिक और आत्मीय भी रहे हैं. दोनों नेताओं ने जनसंघ और बाद में भारतीय जनता पार्टी के शुरुआती दौर में साथ काम किया. लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और वैचारिक राजनीति को लेकर दोनों की सोच काफी हद तक समान रही. आपातकाल के दौर से लेकर बिहार की सियासत में भाजपा को मजबूत करने तक, कई अहम मौकों पर दोनों नेताओं की साथ-साथ भूमिका रही. रविशंकर प्रसाद अक्सर सार्वजनिक मंचों से यह स्वीकार करते रहे हैं कि नवीन सिन्हा जैसे नेताओं से उन्हें राजनीति की बारीकियां सीखने का अवसर मिला. नवीन सिन्हा को बिहार में संगठन खड़ा करने वाले उन नेताओं में गिना जाता है, जिन्होंने जमीन से पार्टी को मजबूत किया.
पिता की विरासत को आगे बढ़ा रहे नितिन नवीन
नवीन सिन्हा के पुत्र नितिन नवीन आज उसी राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं. पटना की राजनीति में नितिन नवीन एक सक्रिय और जमीनी नेता के तौर पर अपनी पहचान बना चुके हैं. रविशंकर प्रसाद और नितिन नवीन की यह तस्वीर उसी पीढ़ीगत रिश्ते और सम्मान का प्रतीक मानी जा रही है, जहां पिता के मित्र आज बेटे के राजनीतिक मार्गदर्शक और शुभचिंतक के रूप में नजर आते हैं. नितिन नबीन को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाकर बीजेपी ने पार्टी के लोगों को बड़ा संदेश दिया है.
नीतीश कुमार की मौजूदगी ने दिया खास संदेश
बता दें, भाजपा के दिवंगत नेता और समाजसेवी रहे नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा की 20वीं पुण्यतिथि के अवसर पर राजधानी पटना स्थित नवीन सिन्हा पार्क में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. इस मौके पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा नेता नितिन नवीन सहित बिहार सरकार के कई मंत्री और एनडीए के विधायक मौजूद रहे. सभी नेताओं ने नवीन सिन्हा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.