News18 पर लाइव अपडेट जारी है.
जेडीयू की सदस्यता के बाद पिता नीतीश से मिलने पहुंचे निशांत
जेडीयू पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद निशांत कुमार पिता नीतीश कुमार से मिले. उनके साथ में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा भी मौजूद रहे. पार्टी की सदस्य्ता ग्रहण करने के बाद निशांत महावीर मंदिर पहुंचे और वहां पूजा अर्चना की. महावीर मंदिर के बाद निशांत कुमार पटना हाई कोर्ट मजार पहुंचे. आपको बता दें कि सीएम नीतीश भी अक्सर इस मजार पर आते रहे हैं.
निशांत की सदस्यता के बीच नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा का शेड्यूल जारी
निशांत कुमार के जेडीयू में शामिल होने बीच सरकार ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा को लेकर नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. कैबिनेट सचिवालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार मुख्यमंत्री 10 मार्च से 14 मार्च तक राज्य के कई जिलों का दौरा करेंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. नोटिफिकेशन के मुताबिक, 10 मार्च को मुख्यमंत्री सुपौल और मधेपुरा जिलों में समृद्धि यात्रा के तहत पहुंचेंगे. इसके बाद 11 मार्च को वे अररिया और किशनगंज में कार्यक्रमों में शामिल होंगे. वहीं 12 मार्च को पूर्णिया और कटिहार जिलों का दौरा करेंगे. समृद्धि यात्रा के अगले चरण में 13 मार्च को मुख्यमंत्री सहरसा और खगड़िया जाएंगे, जबकि 14 मार्च को बेगूसराय और शेखपुरा जिलों में उनका कार्यक्रम प्रस्तावित है. कैबिनेट सचिवालय ने सभी संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. साथ ही मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी प्रशासनिक तैयारियां समय से पूरी करने को कहा गया है.
सदस्यता ग्राहण करने के बाद निशांत ने क्या कहा?
जेडीयू की सदस्यता ग्रहण करने के बाद निशांत कुमार ने अपने पिता नीतीश कुमार के प्रति अटूट विश्वास जताते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा के साथ पार्टी के लिए कार्य करेंगे. उन्होंने कहा, ‘मेरे पिताजी ने पिछले 20 वर्षों में जो विकास कार्य किए हैं, मैं उन्हें आगे ले जाऊंगा. राज्यसभा जाने का फैसला मेरे पिताजी का निजी है. मैं उनके फैसले का सम्मान करता हूं.’ इन्होंने बिहार और देश की जनता से अपील करते हुए कहा कि ‘पिताजी पर विश्वास बनाए रखें.’
निशांत की सादगी की चर्चा
इससे पूर्व, जब निशांत जेडीयू दफ्तर पहुंचे, तो उन्होंने अपने पिता नीतीश कुमार की शैली में हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन किया.. इस अवसर पर उनकी सादगी चर्चा का विषय रही, जहां वे सफेद कुर्ते और क्रॉक्स चप्पल पहने हुए नजर आए. उनके इस सहज अंदाज और पार्टी में औपचारिक प्रवेश ने जेडीयू कार्यकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया है.
निशांत कुमार जदयू में शामिल
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार आधिकारिक तौर पर जदयू में शामिल हो चुके हैं. पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में संजय झा ने निशांत को पार्टी की सदस्यता दिलाई. इस दौरान निशांत कुमार जिंदाबाद के नारे लगते रहे.
निशांत पहुंचे जदयू दफ्तार
नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार पटना स्थित जदयू ऑफिस पहुंच चुके हैं. जहां उन्होंने पार्टी की सदस्यता दिलाई जाएगी. मंच पर संजय झा, ललन सिंह, विजय चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा सहित कई नेता मौजूद हैं.
थेड़ी देर में जदयू ऑफिस पहुंचेंगे निशांत
पटना स्थित जेडीयू दफ्तर में हलचल तेज हो गई है, जहां पार्टी के कई विधायक और मंत्री अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुके हैं. सियासी गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है क्योंकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार के कुछ ही देर में जेडीयू दफ्तर पहुंचने की सूचना है, जिसे लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है.
कहां तक पढ़े-लिखे हैं निशांत?
शांत स्वभाव के धनी निशांत कुमार शतरंज के खेल में विशेष रुचि रखते हैं और इस खेल के एक बेहतरीन खिलाड़ी माने जाते हैं. BIT MESRA में अपने अध्ययन के दौरान भी उनका झुकाव आउटडोर खेलों की तुलना में इनडोर गेम्स की ओर अधिक रहा, जहां वे अपने करीबी दोस्तों के साथ घंटों शतरंज की बिसात पर दिमागी कसरत करना पसंद करते थे.
निशांत की डिप्टी सीएम और गृह मंत्री के रूप में लॉन्चिंग
निशांत कुमार की इस राजनीतिक एंट्री को नीतीश कुमार की विरासत संभालने के तौर पर देखा जा रहा है. पार्टी के भीतर उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की मांग पहले ही उठ चुकी है, हालांकि सूत्रों का दावा है कि उनकी शुरुआती ‘लॉन्चिंग’ डिप्टी सीएम और गृह मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों के साथ हो सकती है. सत्ता परिवर्तन के इस दौर में निशांत का सक्रिय राजनीति में आना न केवल जेडीयू के भविष्य को नई दिशा देगा, बल्कि बिहार के आगामी राजनीतिक समीकरणों को भी पूरी तरह से बदल सकता है.
निशांत कुमार की सक्रियता से जदयू कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की सक्रियता ने जदयू कार्यकर्ताओं में एक नया जोश भर दिया है, जिसका नजारा राजधानी पटना की सड़कों पर साफ दिखाई दे रहा है. पटना स्थित जदयू कार्यालय का पूरा परिसर और आसपास का क्षेत्र निशांत के स्वागत में लगे बड़े-बड़े पोस्टरों से पटा हुआ है. इन पोस्टरों में नीतीश कुमार के साथ निशांत कुमार की तस्वीरें प्रमुखता से लगाई गई हैं, जिन पर “विकसित बिहार के नए अध्याय की शुरुआत, निशांत कुमार” जैसे प्रभावशाली नारे लिखे हैं। कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए इस भव्य पोस्टर प्रदर्शन को निशांत के राजनीति में बढ़ते कद और भविष्य के नेतृत्व की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है.
बिहार की यात्रा करेंगे निशांत
जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार ने जानकारी दी है कि पार्टी में शामिल होने के तुरंत बाद निशांत कुमार बिहार के विभिन्न क्षेत्रों के व्यापक दौरे पर निकलेंगे, जिसका उद्देश्य सीधे जनता से संवाद स्थापित करना और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती प्रदान करना है.
जदयू जॉइन करने से पहले एक्टिव हुए निशांत
बिहार की राजनीति में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की सक्रियता अचानक बढ़ गई है, जिससे उनके राजनीतिक पदार्पण की चर्चाएं तेज हैं. शनिवार को जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें मुख्यमंत्री के साथ-साथ केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और निशांत कुमार भी मौजूद रहे. इस बैठक को निशांत की औपचारिक सक्रियता के संकेत के रूप में देखा जा रहा है.
शुक्रवार को बैठक में हुए थे शामिल
इससे ठीक एक दिन पहले, शुक्रवार को भी निशांत कुमार ने संजय झा के आवास पर पार्टी के लगभग 24 विधायकों के साथ मुलाकात की थी. इस बैठक में परिवहन मंत्री श्रवण कुमार सहित कई वरिष्ठ नेता और युवा विधायक शामिल हुए। निशांत की इस बढ़ती भागीदारी को जदयू के भीतर उनके भविष्य की भूमिका और नई राजनैतिक पारी की शुरुआत के तौर पर जोड़कर देखा जा रहा है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.