- खगड़िया को दी 261 करोड़ रुपये की सौगात
खगड़िया में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 261 करोड़ की योजनाओं की सौगात दी. इसमें 284 करोड़ की योजनाओं का उदघाटन किया गया. वहीं, 43 करोड़ की लागत से बनने वाली 35 योजनाओं का शिलान्यास किया गया. मुख्यमंत्री वायपास सड़क का निरीक्षण किया. विभिन्न स्टॉल का भी निरीक्षण किया. उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री बिजय चौधरी, मंत्री मदन सहनी भी कार्यक्रम में मौजूद हैं.
- खगड़िया पहुंचे सीएम नीतीश
खगड़िया में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का दौरा आज काफी अहम माना जा रहा है. सीएम खगड़िया पहुंच चुके हैं और यहां संसारपुर मैदान में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करेंगे. इस दौरान वे जिले में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा भी करेंगे. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री 35 नई योजनाओं का शिलान्यास करेंगे, जबकि 284 योजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे. इसके अलावा नीतीश कुमार खगड़िया बायपास सड़क का निरीक्षण भी करेंगे. प्रशासन की ओर से कार्यक्रम को लेकर व्यापक तैयारी की गई है और सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं. सीएम के दौरे को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्साह देखा जा रहा है.
- विपक्ष पर जमकर गरजे सीएम नीतीश
सीएम नीतीश कुमार ने सहरसा में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि- केंद्र सरकार और राज्य सरकार के सहयोग से बिहार में लगातार काम हो रहा है. 2005 में एनडीए सरकार बनी और उसी में हम लोग यहां आए. तब से बिहार में कानून का राज है और हम लोग विकास के काम में लगे हैं. 2005 के पहले की क्या स्थिति थी याद है ना आप लोगों को, लोग शाम के बाद घर से बाहर नहीं निकलते थे. हिंदू मुस्लिम का झगड़ा हुआ करता था. स्कूल नहीं थे बच्चे भी काफी कम पढ़ते थे. हिंदू-मुस्लिम विवाद हुआ करता था. अब डर और भय का वातावरण नहीं है. कब्रिस्तानों के घेराबंदी की गई. 60 साल से पुराने मंदिरों की भी घेराबंदी की गई. बिहार में आज 5 लाख 24 हजार शिक्षकों की संख्या हो गई है. बीएससी के द्वारा 45000 नए शिक्षकों की बहाली की प्रक्रिया शुरू की जा रही है. प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कोई मरीज इलाज के लिए नहीं जाता था , आज औसतन हर दिन 11,600 लोग पूरे बिहार में इलाज कराने आते हैं. महिलाओं से नीतीश कुमार ने कहा इधर-उधर मत जाओ सब लोग यही रहे.
- सहरसा में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने गिनाए सरकार के काम
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि- सहरसा जिला टापू के जैसा था, सहरसा आने के लिए हिम्मत जुटानी पड़ती थी. सहरसा से लोग पटना 3 से 4 घंटे में पहुंच रहा है. आज बिहार में 1 लाख 40 हजार किलोमीटर ग्रामीण सड़कों का निर्माण हुआ. बिहार में 2 करोड़ 16 लाख लोगों को बिजली कनेक्शन दिया गया और 125 यूनिट सभी लोगों को फ्री में बिजली दी जा रही है. सुप्रीम कोर्ट ने भी कहा नीतीश कुमार की सरकार ने महिलाओं के लिए जितना काम किया पूरे देश में इतना काम किसी राज्य में महिलाओं के लिए नहीं हुआ. आज बिहार की अर्थव्यवस्था में 1 लाख 26000 करोड़ का योगदान महिलाओं का है. एक महीना के अंदर और 18 लाख महिलाओं की खाते में 10-10 हजार रुपए भेजे जाएंगे. अगले एक महीना के अंदर सहरसा में भी हवाई अड्डा निर्माण के लिए टेंडर किया जाएगा. आज भी नीतीश कुमार के नेतृत्व सरकार चल रही है और कल भी नीतीश कुमार के मार्गदर्शन से ही बिहार में सरकार चलेगी.
- सहरसा पहुंचे CM नीतीश
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा के तहत सहरसा के सराहा स्टेडियम पहुंचे, जहां आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में उन्होंने भाग लिया. इस मौके पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री विजय चौधरी और विधान पार्षद ललन सराफ सहित कई नेता मौजूद रहे. सभा को संबोधित करते हुए लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के विधायक संजय सिंह ने कहा कि उनका सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा क्षेत्र विकास के मामले में थोड़ा पीछे रह गया है, इसलिए मुख्यमंत्री से इस पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया. उन्होंने बताया कि क्षेत्र में तटबंध, जल जमाव और कटाव की गंभीर समस्या है, जिससे कई घर कोसी नदी में समा चुके हैं. वहीं मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि आने वाले समय में एनडीए की जो भी सरकार बनेगी, वह नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में ही चलेगी.
पूर्णिया के इंदिरा गांधी स्टेडियम में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने अपने 20 वर्षों के शासनकाल की उपलब्धियां गिनाईं और भविष्य का रोडमैप साझा किया. उन्होंने घोषणा की कि अगला पांच साल ‘ईज ऑफ लिविंग’ पर केंद्रित होगा, जिसके तहत जरूरतमंदों के घरों में मुफ्त सोलर पैनल लगाए जाएंगे और 1 करोड़ युवाओं को नौकरी व रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे. नीतीश कुमार ने 2005 की कानून-व्यवस्था की तुलना वर्तमान से करते हुए बताया कि जातिगत सर्वेक्षण के बाद 82 लाख गरीब परिवारों को रोजगार के लिए 2-2 लाख रुपये की सहायता दी गई है.
कार्यक्रम के दौरान मंच पर एक भावुक क्षण भी देखने को मिला जब मंत्री लेसी सिंह अपने संबोधन के अंत में रो पड़ीं. उन्होंने मुख्यमंत्री को अपने परिवार का अभिभावक और रक्षक बताते हुए कहा कि कठिन समय में नीतीश कुमार उनके लिए ‘कृष्ण’ की भूमिका में ढाल बनकर खड़े रहे. लेसी सिंह ने भावुक होते हुए कहा कि एक साधारण कार्यकर्ता को इस मुकाम तक पहुंचाने का श्रेय मुख्यमंत्री को ही जाता है. इस भावनात्मक मोड़ ने विकास योजनाओं के इस कार्यक्रम में एक गहरा सियासी और व्यक्तिगत संदेश भी दिया.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.