Nitish Kumar-Nitin Nabin Nomination LIVE: बिहार के राजनीतिक गलियारे से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चाओं ने राज्य की सियासत में हलचल तेज कर दी है. सूत्रों के मुताबिक, नीतीश कुमार जेडीयू की ओर से राज्यसभा के उम्मीदवार होंगे और आज यानि गुरुवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे. हालांकि, अभी पार्टी की ओर से आधिकारिक घोषणा का इंतजार है. आज बीजेपी कोटे से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी नामांनक करेंगे. इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहेंगे.
बुधवार शाम को मुख्यमंत्री आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई, जिसमें जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और कद्दावर नेता विजय चौधरी मौजूद रहे. बैठक के बाद विजय चौधरी ने कहा कि अंतिम फैसला नीतीश कुमार को ही लेना है, लेकिन उनका दिल्ली जाना लगभग तय माना जा रहा है.
यदि नीतीश कुमार केंद्र की राजनीति में जाते हैं, तो बिहार में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें भी तेज हो गई हैं. राजनीतिक हलकों में उनके बेटे निशांत कुमार को डिप्टी सीएम बनाए जाने जैसी संभावनाओं पर भी चर्चा शुरू हो गई है.
News18 पर लाइव अपडेट जारी है.
ललन सिंह और नित्यानंद राय थोड़ी देर में पहुंचे पटना
बिहार की सियासत में बड़े बदलाव की सुगबुगाहट के बीच दिग्गजों का पटना जुटने का सिलसिला तेज हो गया है. केंद्रीय मंत्री ललन सिंह सुबह 9:40 बजे पटना पहुंच रहे हैं, जबकि केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के भी जल्द पहुंचने की संभावना है. सत्ता के इस केंद्र ‘एक अणे मार्ग’ (मुख्यमंत्री आवास) पर हलचल सबसे अधिक है, जहां नीतीश कुमार के परिवार के सदस्यों का आना शुरू हो गया है. इसी बीच, बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह भी मुख्यमंत्री आवास पहुंचे हैं. कद्दावर नेताओं और परिवार की इस मौजूदगी को राज्य में होने वाले संभावित बड़े राजनीतिक निर्णय और नए समीकरणों की पूर्व तैयारी के रूप में देखा जा रहा है.
इस्तीफे की चर्चाओं के बीच JDU का ‘डिजिटल शक्ति प्रदर्शन’: 24 घंटे में 10 ट्वीट कर गिनाईं नीतीश की उपलब्धियां
बिहार की तेजी से बदलती राजनीतिक सरगर्मी के बीच जनता दल यूनाइटेड (JDU) का आधिकारिक ट्विटर हैंडल पिछले 24 घंटों से बेहद सक्रिय नजर आ रहा है. इस दौरान पार्टी की ओर से लगभग 10 ट्वीट किए गए हैं, जिनमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों और बिहार की बड़ी उपलब्धियों को प्रमुखता से दर्शाया गया है. इन पोस्ट्स में स्कूली शिक्षा में सुधार, छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ और राज्य के विश्वविद्यालयों की बदली हुई सूरत का विशेष जिक्र किया गया है. राजनीतिक गलियारों में जेडीयू की इस डिजिटल सक्रियता को नीतीश कुमार के संभावित नए सफर से पहले उनके “बिहार मॉडल” और “विरासत” को मजबूती से पेश करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है.
नितिन नबीन नें महावीर मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद क्या कहा?
हनुमान जी की पूजा-अर्चना के बाद महावीर मंदिर से बाहर निकले नितिन नबीन ने अपनी गहरी आध्यात्मिक आस्था प्रकट करते हुए कहा कि वे हर नई शुरुआत से पहले प्रभु श्री राम के परम भक्त पवनपुत्र का आशीर्वाद लेना अनिवार्य मानते हैं. उन्होंने भावुक होते हुए बिहार को अपनी ‘जड़’ बताया और संकल्प लिया कि वे संगठन में चाहे जिस भी भूमिका या स्थान पर रहें, बिहार की मजबूती के लिए सदैव समर्पित रहेंगे. मंदिर दर्शन के पश्चात अब वे नामांकन की तैयारियों में जुट गए हैं, जहां दोपहर 1:40 से 2:00 बजे के बीच वे राज्यसभा के लिए अपना पर्चा दाखिल करेंगे.
अमित शाह 11 बजे दिल्ली से पटना के लिए होंगे रवाना
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज सुबह 11:00 बजे दिल्ली से विशेष विमान द्वारा पटना के लिए रवाना होंगे. उनका यह दौरा बिहार की सियासत के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि वे पटना पहुंचकर राज्यसभा चुनाव के लिए एनडीए प्रत्याशियों के नामांकन में शामिल होंगे. अमित शाह की मौजूदगी में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन द्वारा पर्चा दाखिल किए जाने की संभावना है. गृह मंत्री का यह दौरा न केवल नामांकन तक सीमित है, बल्कि इसे राज्य में होने वाले संभावित सत्ता परिवर्तन और नए राजनीतिक समीकरणों पर अंतिम मुहर लगाने के संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है.
नितिन नवीन थोड़ी देर में पहुंचेंगे पटना महावीर मंदिर
भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले राजधानी पटना के प्रसिद्ध महावीर मंदिर पहुंच रहे हैं. अपनी नई और बड़ी पारी की शुरुआत करने से पहले वे संकटमोचन हनुमान जी के चरणों में नमन कर उनका आशीर्वाद लेंगे .मंदिर में दर्शन-पूजन करने के पश्चात वे सीधे नामांकन के लिए रवाना होंगे, जहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में वे अपना पर्चा दाखिल करेंगे.
बिहार का अगला CM कौन? BJP से इन 5 नामों की चर्चा, JDU से हो सकते 2 उपमुख्यमंत्री
नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़ने की चर्चाओं के बीच बिहार के अगले मुखिया को लेकर सियासी सरगर्मी चरम पर है, जहां भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, संजीव चौरसिया, दिलीप जायसवाल और नित्यानंद राय जैसे पांच कद्दावर नामों की रेस तेज हो गई है. वहीं, सत्ता के नए समीकरण में जदयू के कोटे से दो उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है. जिसमें वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी के साथ-साथ नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के नाम की जोरदार चर्चा है. सत्ता परिवर्तन का यह नया फॉर्मूला बिहार की राजनीति में एक बड़े बदलाव का संकेत दे रहा है, जिस पर कभी भी आधिकारिक मुहर लग सकती है.
पटना में CM आवास की सुरक्षा बढ़ी, भारी पुलिस बल की तैनाती
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की खबर फैलते ही पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास के बाहर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने ‘एक अणे मार्ग’ के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनी रहे. दूसरी ओर, अपने नेता के दिल्ली जाने की चर्चाओं से व्याकुल और भावुक कार्यकर्ता धीरे-धीरे मुख्यमंत्री आवास पर जुटने लगे हैं, जिसके चलते इलाके में हलचल और पुलिस की चौकसी दोनों बढ़ गई है.
नीतीश के राज्यसभा जाने की खबर से जेडीयू में उबाल: पटना पहुंचे विधायक, कार्यकर्ताओं ने घेरा ‘एक अणे मार्ग’
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की खबरों ने जेडीयू के भीतर भारी हलचल पैदा कर दी है, जिसके चलते पार्टी के तमाम विधायक और बड़े नेताओं को आपात स्थिति में पटना तलब किया गया है. इधर, अपने नेता के बिहार छोड़ने की खबर से नाराज और भावुक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मुख्यमंत्री आवास ‘एक अणे मार्ग’ पर जुटने लगे हैं. कार्यकर्ताओं में इस फैसले को लेकर गहरा आक्रोश और मायूसी है, क्योंकि वे नीतीश कुमार को बिहार की सक्रिय राजनीति से दूर होते नहीं देखना चाहते. इसी गहमागहमी के बीच सबकी नजरें अब जदयू की औपचारिक बैठक और नीतीश कुमार के अगले कदम पर टिकी हैं.
नीतीश ने शिवराज को दी जन्मदिन की बधाई
नीतीश कुमार राज्यसभा जाने की चर्चाओं के बीच केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान जी को जन्मदिन की बधाई दी है. उन्होंने X पर लिखा ‘माननीय केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं सुदीर्घ जीवन की कामना है.’
माननीय केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं सुदीर्घ जीवन की कामना है। @ChouhanShivraj
— Nitish Kumar (@NitishKumar) March 5, 2026
नीतीश कुमार इतनी जल्दी…. जेडीयू एमएलसी संजय सिंह का अहम बयान
जेडीयू एमएलसी संजय सिंह के बयान ने पार्टी के भीतर की हलचल को स्पष्ट कर दिया है, जिसमें उन्होंने कहा कि पार्टी के तमाम नेता और कार्यकर्ता चाहते थे कि नीतीश कुमार बिहार में रहकर ही नेतृत्व करते रहें. उन्होंने स्वीकार किया कि नीतीश कुमार का इतनी जल्दी राज्यसभा जाने का फैसला उनके लिए अप्रत्याशित है और अपने अभिभावक के दिल्ली जाने की खबर से कार्यकर्ताओं में भारी बेचैनी है. साथ ही, उन्होंने यह इच्छा भी जताई कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार जल्द से जल्द राजनीति में कदम रखें और जेडीयू की बागडोर संभालें, ताकि पार्टी को नया और युवा नेतृत्व मिल सके.
नीतीश कुमार जाएंगे राज्यसभा… अशोक चौधरी हुए भावुक
बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने और पद छोड़ने की खबरों के बीच अपने जज्बातों पर काबू नहीं रख सके. नीतीश कुमार को लेकर जब मीडिया ने उनसे सवाल पूछे, तो उनकी आंखें नम हो गईं और वे इस कदर भावुक हो गए कि एक शब्द भी नहीं बोल पाए. उनके इस मौन और आंसुओं ने साफ कर दिया कि नीतीश कुमार का बिहार की सक्रिय राजनीति से दूर जाना उनके करीबियों और मंत्रिमंडल के सहयोगियों के लिए कितना बड़ा व्यक्तिगत और राजनीतिक आघात है.
नीतीश कुमार JDU विधायकों के साथ करेंगे बैठक
बिहार की सियासत में आज एक युग का अंत और नए अध्याय की शुरुआत होने जा रही है. जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने पर लगभग मुहर लग चुकी है. इस बड़े उलटफेर के बीच एनडीए के सभी विधायकों को पटना तलब किया गया है. इधर नीतीश कुमार ने गुरुवार सुबह 8:00 बजे मुख्यमंत्री आवास पर जदयू विधायकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक कर सकते हैं. जिसमें वे अपने फैसले की औपचारिक घोषणा करेंगे. इसके बाद, करीब 11:30 बजे वे राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे.
//platform.twitter.com/widgets.js
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.