बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जेडीयू की ओर से राज्यसभा के उम्मीदवार होंगे. कल नामांकन संभव है. उनके बेटे निशांत को डिप्टी सीएम बनाए जाने की अटकलें हैं. संजय झा ने नीतीश से बातचीत की.
पटना: बिहार के राजनीतिक गलियारे से बड़ी खबर सामने आ रही है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जेडीयू की ओर से राज्यसभा के उम्मीदवार होंगे. सूत्रों के मुताबिक, सीएम नीतीश राज्यसभा के लिए कल नामांकन दाखिल कर सकते हैं. इस मामले में पार्टी की तरफ से आधिकारिक घोषणा का अभी इंतजार है. अगर नीतीश कुमार राज्यसभा जाते हैं तो बिहार की सियासत में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. यही वजह है कि राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज है. इसे लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं.
“निशांत राजनीति में सक्रिय होने वाले हैं,” जेडीयू नेता संजय गांधी ने नीतीश से मिलने के बाद दिया बयान
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और राज्य मंत्री विजय कुमार चौधरी की बैठक मुख्यमंत्री आवास पर चल रही है. जेडीयू नेता संजय गांधी सीएम नीतीश से मिल कर निकले है. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार से राज्यसभा चुनाव को लेकर मेरी कोई बातचीत नहीं हुई.. वह राज्यसभा जाएंगे या नहीं इसकी जानकारी मुझे नहीं है. यह फैसला उन्हीं को करना है. हम इस बारे में कुछ नहीं कह सकते हैं. निशांत राजनीति में सक्रिय होने वाले हैं. निशांत में राजनीतिक संभावनाएं हैं. निशांत कुमार को क्या पद मिलेगा यह हमारे शीर्ष नेतृत्व तय करेंगे.
राज्यसभा नहीं बिहार का नेतृत्व करें नीतीश कुमार, जेडीयू के दिग्गज नेताओं और मंत्रियों का सुझाव
नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की खबरों के बीच जेडीयू के अंदरखाने से भी बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है. जेडीयू सूत्रों के अनुसार जेडीयू के कई बड़े नेता नहीं चाहते कि नीतीश राज्यसभा जाएं. जेडीयू के कई मंत्रियों ने भी नीतीश कुमार को राज्यसभा नहीं जाने का सुझाव दिया है. जेडीयू के कई बड़े नेता चाहते हैं कि नीतीश कुमार अभी बिहार का नेतृत्व संभाले.
सीएम हाउस पहुंचे ये लोग, संजय झा भी हैं मौजूद
सीएम हाउस में जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा मौजूद हैं. इसके साथ ही परिवार के कई सदस्य भी सीएम हाउस पहुंचे हैं. दिन में मंत्री विजेंद्र यादव और अशोक चौधरी ने सीएम नीतीश कुमार से मुलाकात की है.
नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चा के बीच आरजेडी नेता मृत्युंजय तिवारी का बयान
आरजेडी नेता मृत्युंजय तिवारी ने नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चा के बीच बयान दिया है. उन्होंने कहा कि आखिरकार बीजेपी अपने मंसूबे पर सफल होती नज़र आ रही है. उन्होंने कहा कि बीजेपी का प्लान शुरू से तैयार था. उन्होंने कहा कि हम हमेशा कह रहे थे महाराष्ट्र वाला खेल बीजेपी करेगी.. क्या मज़बूरी है मुझे नहीं पता. आगे आगे देखिये होता है क्या.
जनादेश नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाने का था तो बीजेपी ने हरण क्यों किया? पप्पू यादव का बड़ा बयान
नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चा के बीच पप्पू यादव ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि जब जनादेश नीतीश कुमार जी को मुख्यमंत्री बनाए रखने के लिए आया था तो तीन महीने में बीजेपी उसका हरण क्यों कर रही है? जनादेश का अपमान भाजपा को बहुत भारी पड़ेगी समूल नष्ट होना तय है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.